Time Published: Thursday, September 24, 2026, 13:17 [IST]

Udta Teer Trailer Out: आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) एक बार फिर अपने अलग अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म 'उड़ता तीर' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में एक्शन, कॉमेडी और जासूसी का ऐसा दिलचस्प कॉकटेल देखने को मिल रहा है, जो फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहा है। खास बात ये है कि आयुष्मान खुराना इस बार एक पाकिस्तानी जासूस के किरदार में नजर आ रहे हैं लेकिन कहानी में आने वाला ट्विस्ट पूरे मिशन को मजेदार बना देता है।

फिल्म 'उड़ता तीर' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज
धर्मा प्रोडक्शन ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म का ट्रेलर शेयर किया है। रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है और आयुष्मान खुराना का ये नया अवतार लोगों का ध्यान खींच रहा है।

Udta Teer Trailer Out

9 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी 'उड़ता तीर'

फिल्म के ट्रेलर के साथ मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट से भी पर्दा उठा दिया है। फिल्म 'उड़ता तीर' आगामी 9 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। धर्मा मूवीज और आयुष्मान खुराना ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ट्रेलर शेयर करते हुए फिल्म को एक ऐसी कॉमेडी बताया है, जिसमें जासूसी मिशन के बीच दर्शकों को जबरदस्त मनोरंजन देखने को मिलेगा।

ट्रेलर में दिखा मजेदार जासूसी मिशन

-'उड़ता तीर' के ट्रेलर की शुरुआत आयुष्मान खुराना के किरदार से होती है, जो एक पाकिस्तानी जासूस के तौर पर भारत में एक मिशन पर पहुंचता है लेकिन मिशन के दौरान कहानी ऐसा मोड़ लेती है कि वह अपनी याददाश्त खो बैठता है।

-इसके बाद सबसे बड़ा कंफ्यूजन शुरू होता है। आयुष्मान खुराना का किरदार खुद को पाकिस्तानी एजेंट के बजाय भारतीय जासूस समझने लगता है। इतना ही नहीं, वह भारत की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ एक मिशन शुरू कर देता है।

-मामला यहीं खत्म नहीं होता। अनजाने में आयुष्मान खुराना का किरदार भारत में छिपे पाकिस्तानी एजेंट्स को पकड़वाने में भी जुट जाता है। ऐसे में जिस शख्स को भारत में जासूसी करने भेजा गया था, वही अपनी पहचान भूलकर पाकिस्तान के खिलाफ मिशन चलाने लगता है। इसी उलझी हुई कहानी से ट्रेलर में कई मजेदार और कॉमेडी से भरपूर सीन देखने को मिलते हैं।

आयुष्मान खुराना के साथ नजर आईं सारा अली खान

-फिल्म 'उड़ता तीर' में आयुष्मान खुराना के साथ सारा अली खान (Sara Ali Khan) लीड रोल में नजर आएंगी। दोनों की जोड़ी पहली बार इस तरह के कॉमेडी और जासूसी से जुड़े सेटअप में दिखाई दे रही है। फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी मजबूत है। आयुष्मान खुराना और सारा अली खान के अलावा मूवी में राम कपूर, गुलशन ग्रोवर, राहुल बोस, सुहैल नय्यर और बृजेंद्र काला अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

-दिवंगत एक्टर मुकुल देव भी फिल्म का हिस्सा हैं। ये फिल्म उनके निधन के बाद रिलीज होने वाली उनकी आखिरी फिल्मों में शामिल है। ऐसे में 'उड़ता तीर' उनके फैंस के लिए भी भावनात्मक रूप से खास बन गई है।

कॉमेडी के साथ दिखेगा जासूसी का तड़का

ट्रेलर को देखकर साफ है कि 'उड़ता तीर' में गंभीर जासूसी मिशन को कॉमेडी के अंदाज में पेश किया गया है। आयुष्मान खुराना का किरदार अपनी ही पहचान को लेकर कंफ्यूज नजर आता है और यही कंफ्यूजन फिल्म के हास्य का सबसे बड़ा आधार बनता दिखाई दे रहा है। अब देखना होगा कि आगामी 9 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने वाली ये फिल्म बड़े पर्दे पर दर्शकों को कितना एंटरटेन कर पाती है।