
भारत ने मांगी जवाबदेहीImage Credit source: getty image
दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन (UNMISS) के तहत तैनात शांति सैनिकों पर हुए हमले को लेकर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. भारत ने 24 अगस्त 2026 को हुए हमले की निंदा करते हुए इसमें शहीद हुए इथियोपियाई ब्लू हेलमेट सैनिक को श्रद्धांजलि दी. साथ ही घायल शांति सैनिकों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. भारत ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के शांति सैनिक संघर्ष प्रभावित इलाकों में शांति और सुरक्षा कायम करने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. ऐसे में उन पर किसी भी तरह का हमला गंभीर चिंता का विषय है.
भारत ने सभी संबंधित पक्षों से संयुक्त राष्ट्र के शांति सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है. भारत ने इस बात पर भी जोर दिया कि UN परिसरों और संयुक्त राष्ट्र कर्मियों की सुरक्षा, पवित्रता और अक्षुण्णता का सम्मान किया जाना चाहिए. शांति सैनिक संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के जनादेश के तहत काम करते हैं और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी सभी पक्षों की है.
हमले के दोषियों पर कार्रवाई की मांग
भारत ने हमले की तत्काल और गहन जांच की मांग की है. भारत का कहना है कि हमले के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए. इसके साथ ही दोषियों की जवाबदेही तय करने के लिए प्रभावी कार्रवाई जरूरी है. भारत ने इस संदर्भ में UN Security Council Resolution 2589 का पूरी तरह पालन करने पर भी जोर दिया. यह प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में तैनात कर्मियों के खिलाफ अपराधों के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करने से संबंधित है.
हमले पर भारत ने जताई चिंता
भारत की ओर से कहा गया कि शांति सैनिकों पर हमले केवल वहां तैनात कर्मियों की सुरक्षा के लिए खतरा नहीं हैं, बल्कि संयुक्त राष्ट्र के शांति प्रयासों को भी प्रभावित कर सकते हैं. ऐसे हमलों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्पष्ट संदेश और जवाबदेही जरूरी है. इथियोपियाई शांति सैनिक की मौत पर संवेदना व्यक्त करते हुए भारत ने घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. साथ ही सभी पक्षों से संयम बरतने और संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन के काम में बाधा न डालने की अपील की गई. भारत ने स्पष्ट किया कि UN शांति सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उनके खिलाफ होने वाले अपराधों पर कार्रवाई करना अंतरराष्ट्रीय समुदाय की साझा जिम्मेदारी है.

शिवांग माथुर
शिवांग माथुर टीवी 9 भारतवर्ष में एसोसियेट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं.
Read More