UP: रंगदारी से लेकर मर्डर तक... फुरकान के बाद क्या वाजिद बनेगा नया बॉस? कहानी 'गैंग्स ऑफ कैराना' की

शामली मुठभेड़ में मारा गया था फुरकान.

Wajid Kairana Gang: शामली के झिंझाना थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश फुरकान के खात्मे के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है- क्या फुरकान के बाद वाजिद ‘गैंग्स ऑफ कैराना’ की कमान संभालकर नया उस्ताद बनेगा? शामली पुलिस और क्राइम ब्रांच अब फुरकान के बचे हुए नेटवर्क, उसके फरार साथियों और मुख्य रूप से वाजिद की भूमिका को लेकर गहन जांच में जुट गई है.

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि फुरकान सोशल मीडिया के जरिए अपना संगठित आपराधिक साम्राज्य चला रहा था. वह फेसबुक और इंस्टाग्राम पर ‘सोनू’, ‘राजा’ और ‘रोमियो’ जैसे फर्जी नामों से आईडी बनाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और उत्तराखंड में रंगदारी, लूट और नशे का कारोबार संचालित करता था. गिरोह के बाकी सदस्य भी फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए ही वारदातों की योजना बनाते थे.

‘बधाई नहीं दोगे तो…’, रंगदारी मांगने का अनोखा कोड-वर्ड

जांच में सामने आया कि करीब तीन महीने पहले पंजाब के रोपड़ और हरियाणा के कई कारोबारियों से लाखों की रंगदारी मांगी गई थी. गिरोह सीधे पैसे मांगने के बजाय व्यापारियों से कोड-वर्ड में कहता था- बधाई और शुभकामनाएं नहीं दोगे तो…” इसके बाद 5 से 10 लाख रुपये की मांग की जाती थी. फुरकान खुद को ‘गैंग्स ऑफ कैराना’ का सरगना बताकर खौफ पैदा करता था.

ड्रोन से आई 9 एमएम कार्बाइन? जांच में जुटी एजेंसियां

मुठभेड़ के दौरान फुरकान के पास से बरामद अत्याधुनिक 9 एमएम कार्बाइन ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं. पुलिस को आशंका है कि यह हथियार पंजाब सीमा के रास्ते सीमा पार से ड्रोन के जरिए पहुंचाया गया हो सकता है. सर्विलांस सेल और क्राइम ब्रांच हथियार सप्लायरों के नेटवर्क को खंगाल रही है. इसके साथ ही फुरकान द्वारा पंजाब से मंगवाकर यूपी-हरियाणा में फैलाए जा रहे स्मैक व नशे के कारोबार की भी जांच जारी है.

ये भी पढ़ें: कोख में पल रही जिंदगी का खौफनाक अंत! अलीगढ़ में 8.5 महीने के गर्भपात मामले में डॉक्टर समेत 4 गिरफ्तार

कैराना पलायन से मुकीम काला तक का सफर

फुरकान का नाम पहली बार 2014 में व्यापारी नेता विनोद सिंघल की हत्या के बाद सुर्खियों में आया था, जिसके बाद प्रसिद्ध ‘कैराना पलायन’ की घटना हुई थी. उसने अपराध की दुनिया में कदम कुख्यात मुकीम काला गिरोह के साथ रखा था, लेकिन बाद में अलग होकर अपना गिरोह बना लिया. वह हर तीन महीने पर रोहतक, सोनीपत, रोपड़ या देहरादून से छिपते-छिपाते कैराना स्थित अपने घर आता था.

क्या वाजिद बनेगा नया सरगना? पुलिस खंगाल रही नेटवर्क

फुरकान के ढेर होने के बाद अब पुलिस का पूरा ध्यान उसके सबसे करीबी साथियों और संभावित उत्तराधिकारियों पर टिक गया है. पुलिस इस पहलू पर काम कर रही है कि क्या वाजिद इस बिखरे हुए नेटवर्क को समेटकर ‘गैंग्स ऑफ कैराना’ का नया सरगना बनने की कोशिश कर रहा है. एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, फुरकान के सभी मददगारों, शरणदाताओं और फरार साथियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी.

तन्वी गुप्ता

तन्वी गुप्ता

तन्वी गुप्ता मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला की रहने वाली हैं. स्कूल-कॉलेज धर्मशाला से करने के बाद शिमला में हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी से MMC की पढ़ाई की. मीडिया में 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. चंडीगढ़, हैदराबाद में नौकरी करने के बाद फिलहाल दिल्ली में जॉब कर रही हैं. प्रिंट, टेलीविजन के बाद 2017 से डिजिटल मीडिया के लिए काम कर रही हैं. इससे पहले आजतक, न्यूज18, द ट्रिब्यून, ईटीवी भारत और इंडिया न्यूज सहित कुछ अन्य मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं. क्राइम, इतिहास और साइंस एक्सपेरिमेंट्स की खबरों में खास रूचि है. फिलहाल टीवी9 डिजिटल में बतौर असिस्टेंट न्यूज एडिटर काम संभाल रही हैं. नौकरी के अलावा खेल-कूद और घूमने फिरने में भी काफी दिलचस्पी है. नेशनल लेवल पर वॉलीबॉल और बैडमिंटन खेल चुकी हैं. साथ ही खो-खो खेल में भी स्टेट लेवल तक खेल चुकी हैं. इसके अलावा एनसीसी 'C' सर्टिफिकेट प्राप्त है. गाना सुनना तो पसंद है ही. लेकिन सिंगिंग का भी शौक रखती हैं. स्कूल और कॉलेज लेवल पर सिंगिंग में भी काफी पुरस्कार मिल चुके हैं.

Read More

google button