Aug 19, 2026 06:05 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
वामपंथी छात्र संगठन AISA जंतर मंतर के माहौल को उत्तर प्रदेश ले जाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए 9 सितंबर से जेन-जी महाजुटान यात्रा का ऐलान किया गया है। यह यात्रा राज्य के विभिन्न शहरों से होकर गुजरेगी।

उत्तर प्रदेश में वामपंथी छात्र संगठन की जेनजी महा जुटान यात्रा
नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन करके केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेने के बाद छात्र संगठनों को हौसले बढ़े हुए हैं। ऐसे में अब इस आंदोलन की आग को देश के दूसरे राज्यों में भी ले जाने की पहल शुरू की जा रही है। वामपंथी छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (AISA) ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश में 'GenZ Rising' कैंपेन के तहत 'GEN-Z महाजुटान यात्रा' का ऐलान किया है। पार्टी के नेताओं की तरफ से बताया गया कि इस यात्रा का मुख्य लक्ष्य शिक्षा सुधार, एंट्रेंस एग्जाम पॉलिसी में बदलाव और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर छात्रों को एकजुट करना है।
मंगलवार को उत्तर प्रदेश प्रेस क्लब में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए वामपंथी छात्र संगठन के नेताओं ने अपनी पूरी यात्रा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस यात्रा का नेतृत्व उनकी प्रेसिडेंट नेहा बोरा और राज्य प्रमुख मनीष करेंगे। इसके अलावा जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (JNUSU) की प्रेसिडेंट अदिति और जॉइंट सेक्रेटरी दानिश भी कुछ जगहों पर यात्रा में शामिल होंगे।
परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर होगा विरोध प्रदर्शन
AISA के उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष मनीष ने इस पूरी यात्रा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इससे पहले उन्होंने संगठन द्वारा हाल ही में उत्तर प्रदेश में आयोजित छात्र प्रदर्शनों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा में होने वाली गड़बड़ियों को लेकर 12 जून को लखनऊ के इको गार्डन में छात्र इकट्ठा हुए थे। 25 जुलाई को प्रयागराज, लखनऊ, झांसी, सहारनपुर और अन्य ज़िलों में भी इसी तरह के विरोध-प्रदर्शन हुए, जिनमें निष्पक्ष परीक्षा और जवाबदेही की मांग की गई।
आइसा के सेक्रेटरी प्रसेनजीत कुमार ने इस यात्रा को जंतर मंतर की आग को उत्तर प्रदेश में लाने की कोशिश करार दिया। उन्होंने कहा, "GEN-Z महाजुटन यात्रा, जंतर-मंतर पर बने माहौल को पूरे UP में आगे ले जाने की एक कोशिश है।"
कहां-कहां जाएगी यह यात्रा?
पश्चिम बंगाल और केरल में अपना किला हार चुकीं वामपंथी पार्टियां अब जेन-जी आंदोलन के सहारे अपनी जमीन तलाश रही हैं। जंतर-मंतर पर मिली सफलता को भुनाने के लिए पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले माहौल बनाने के लिए पूरे राज्य में यात्रा निकालने की तैयारी में हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार यह प्रस्तावित यात्रा 9 सितंबर को प्रयागराज से शुरू होगी। इसके बाद 10 सितंबर को रायबरेली, 12 सितंबर को वाराणसी, 13 सितंबर को आजमगढ़, 14 सितंबर को गोरखपुर, 17 सितंबर को लखनऊ और 18 सितंबर को मेरठ जाएगी।
