
श्रद्धा दुबे नागपुर से गिरफ्तार.
Shiva Sharma Death Case: लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा मौत मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. मामले में फरार चल रही श्रद्धा दुबे को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है. श्रद्धा पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित था और पुलिस पिछले करीब 11 दिनों से उसकी तलाश कर रही थी. इस गिरफ्तारी में नागपुर क्राइम ब्रांच ने यूपी एसटीएफ की मदद की. वहीं, लखनऊ और बनारस एसटीएफ की टीमें भी इस ऑपरेशन में शामिल थीं. श्रद्धा की गिरफ्तारी की पुष्टि एसटीएफ प्रमुख अमिताभ यश ने की है. अब पुलिस उससे पूछताछ कर मामले से जुड़े घटनाक्रम और अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाएगी.
11 दिनों से फरार थी श्रद्धा दुबे
शिवा शर्मा की मौत के मामले में श्रद्धा दुबे का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी. वह करीब 11 दिनों से फरार चल रही थी. उसकी गिरफ्तारी के लिए लखनऊ पुलिस और एसटीएफ की अलग-अलग टीमें लगाई गई थीं. पुलिस लगातार उसकी लोकेशन का पता लगाने की कोशिश कर रही थी. इस बीच श्रद्धा के नागपुर में होने की जानकारी सामने आई. इसके बाद यूपी एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार करने की कार्रवाई की.

शिवा शर्मा केस में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को UP STF ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया.
UP STF और नागपुर क्राइम ब्रांच का संयुक्त ऑपरेशन
श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश एसटीएफ की टीम ने नागपुर में कार्रवाई की. इस ऑपरेशन में नागपुर क्राइम ब्रांच ने सहयोग किया. जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ मुख्यालय, लखनऊ एसटीएफ, लखनऊ पुलिस और बनारस एसटीएफ की टीमें भी उसकी तलाश में जुटी थीं. अलग-अलग टीमों के संयुक्त प्रयास के बाद श्रद्धा को नागपुर से गिरफ्तार किया गया. इस कार्रवाई की पुष्टि एसटीएफ प्रमुख अमिताभ यश ने की है.
ये भी पढे़ें- तुझे कुत्ता बना के मारा मैंने शिवा को धमकाने का नया ऑडियो, आगरा में मिली श्रद्धा की लोकेशन
पूछताछ में हो सकते हैं कई अहम खुलासे
श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी को शिवा शर्मा मौत मामले की जांच में अहम माना जा रहा है. अब पुलिस उससे पूछताछ कर यह जानने की कोशिश करेगी कि शिवा शर्मा की मौत से पहले क्या घटनाक्रम हुआ था और वह गिरफ्तारी से बचने के लिए कहां-कहां रही? इसके अलावा, पुलिस उसके फरार रहने के दौरान की गतिविधियों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर सकती है. पूछताछ के आधार पर जांच में आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, श्रद्धा की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की जांच पर नजर रहेगी. पुलिस की पूछताछ से ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

आगरा में 24 घंटे रही श्रद्धा दुबे, फिर नागपुर निकल गई
इसी बीच श्रद्धा दुबे का आगरा से CCTV फुटेज सामने आया है. बताया जा रहा कि श्रद्धा आगरा के होटल ओम पैलेस में अपने साथियों के साथ करीब 24 घंटे तक रुकी थी. पुलिस का दावा है कि वह अपनी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश के साथ बुर्का पहनकर लगातार सफर कर रही थी. आगरा में रुकने के बाद वह नागपुर के लिए रवाना हो गई थी. UP STF ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर नागपुर पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार किया. अब पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाने की तैयारी कर रही है. बताया जा रहा कि श्रद्धा दुबे गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत लेने की कोशिश में भी जुटी थी.
श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी में इतना समय क्यों लगा?
बता दें कि श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश तीनों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित था. थाना हजरतगंज में 9 अक्टूबर 2026 को रंजना शर्मा की शिकायत के आधार पर BNS की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था. अब तीनों को STF ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया. STF चीफ अमिताभ यश ने बताया कि आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लाकर लखनऊ कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने कहा कि श्रद्धा दुबे को पुलिस की कार्यप्रणाली और तकनीकी चीजों की जानकारी थी, जिसके चलते उसकी गिरफ्तारी में समय लगा.

पंकज चतुर्वेदी
पंकज चतुर्वेदी को पत्रकारतिा के क्षेत्र में एक दशक से ज्यादा का अनुभव है. देश और उत्तरप्रदेश की राजनीति को कवर करते आ रहे हैं. दिल्ली में अमर उजाला और पंजाब केसरी से पत्रकारिता की यात्रा की शुरुआत हुई. दिल्ली में 2 साल की पत्रकारिता के बाद मिट्टी की खुशबू यूपी खींच लाई और तब से राजधानी लखनऊ में ही पत्रकारिता हो रही है. 2017 में यात्रा को विस्तार देते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े. राजनीतिक खबरों में गहरी रुचि और अंदर की खबर को बाहर लाने का हुनर, साथ ही यूपी की ब्यूरोकेसी में खास पकड़. पत्रकारिता का फलसफा खबरों को खबर के रूप में ही जनता तक पहुंचाना.
Read More