UP Weather Update 26 July 2026: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से धीमा पड़ा मानसून अब एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, सोमवार से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी और कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।

रविवार को इन जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, उनमें शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, रामपुर, पीलीभीत, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, बाराबंकी, प्रतापगढ़, कौशांबी, चंदौली, मिर्जापुर, जौनपुर, अयोध्या और गोंडा समेत कई अन्य जिले शामिल हैं। हालांकि, गोरखपुर मंडल और पूर्वांचल के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटों तक मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना रह सकता है।

27 से 30 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसून ट्रफ के दोबारा उत्तर की ओर बढ़ने और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के मजबूत होने से उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो जाएगा। इसी वजह से 27 से 30 जुलाई के बीच प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें: MP Weather Today: भोपाल-इंदौर समेत 55 जिलों में बारिश का अलर्ट, अगले 4 दिन भी बदले रहेंगे मौसम के तेवर

लखनऊ का मौसम

राजधानी लखनऊ में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है। वहीं रविवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।

गर्मी से मिलेगी राहत, किसानों के लिए भी अच्छी खबर

मौसम विभाग का कहना है कि कई दिनों की सुस्ती के बाद मानसून के दोबारा सक्रिय होने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं, लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए भी यह मौसम राहत लेकर आने वाला है, क्योंकि बारिश से खरीफ फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है। 

ये भी पढ़ें:Breaking News Live Update 26 July: पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के बाद तेज प्रताप यादव गिरफ्तार, 14 दिन की जेल