Upcoming Movies This Week: अक्टूबर के इस हफ्ते सिनेमाघरों में फिल्मों की भरमार होने वाली है. 23 अक्टूबर को आयुष्मान खुराना की 'उड़ता तीर' से लेकर सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की 'तू है मेरी किरण' तक, कुल 8 हिंदी फिल्में बड़े पर्दे पर रिलीज होने जा रही हैं. इन फिल्मों में कॉमेडी, रोमांस, हॉरर और थ्रिलर जैसे अलग-अलग जॉनर देखने को मिलेंगे. ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलने वाला है. तो आइए जानते हैं इस हफ्ते रिलीज होने वाली सभी फिल्मों की लिस्ट-
1. उड़ता तीर (Udta Teer)
इस हफ्ते सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली फिल्मों की लिस्ट में सबसे पहला नाम आकाश ए. कौशिक के निर्देशन में बनी फिल्म 'उड़ता तीर' है. इसकी कहानी बिलाल नाम के एक पाकिस्तानी अफसर की है, जो एक गुप्त मिशन पर भारत आता है. लेकिन यहां एक हादसे के बाद उसकी याददाश्त चली जाती है, जिसके बाद कहानी में कई दिलचस्प मोड़ आते हैं. फिल्म में आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) और सारा अली खान (Sara Ali Khan) लीड रोल में है. इनके अलावा बृजेंद्र काला, गुलशन ग्रोवर, राहुल बोस और राम कपूर भी अहम किरदारों में नजर आएंगे. ये फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
2. तू है मेरी किरण (Tu Hai Meri Kiran)
सोनाक्षी सिन्हा (Sonakshi Sinha) और जहीर इकबाल (Zaheer Iqbal) की फिल्म 'तू है मेरी किरण' भी 23 अक्टूबर को रिलीज होगी. ये फिल्म प्यार और जुनून की कहानी है, जो समर और किरण के रिश्ते के आसपास घूमती है. इसमें रोमांस के साथ रहस्य और रोमांच भी देखने को मिलेगा. करण रावल के निर्देशन में बनी ये सुपरनैचुरल रोमांटिक थ्रिलर अपनी कहानी और किरदारों के जरिए दर्शकों को एक अलग एक्पीरियंस देगी.
3. तुम मेरे हो (Tum Mere Ho)
गुरमीत चौधरी (Gurmeet Choudhary) और ईशा मालवीय (Isha Malviya) की फिल्म तुम मेरे हो, लंबे समय से चर्चा में हैं. वहीं, अब ये फिल्म भी इस हफ्ते की रिलीज लिस्ट में शामिल है. . इसकी कहानी एक ऐसे स्काईडाइवर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी प्यार में पड़ने के बाद बदल जाती है. प्यार से शुरू हुआ यह सफर शादी तक पहुंचता है, लेकिन इस रिश्ते में कई उतार-चढ़ाव भी आते हैं. इस फिल्म से ईशा बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही है. वहीं, फिल्म में शान आर ग्रोवर और अनुष्का लुहार भी अहम रोल में नजर आएंगी.
4. काली खेती (Kali Kheti)
जैकी श्रॉफ (Jackie Shroff) और शरद केलकर जैसे कलाकारों की फिल्म 'काली खेती' ग्रामीण माहौल में बुनी गई कहानी लेकर आ रही है. ये एक थ्रिलर फिल्म है, जिसमें गांव की पृष्ठभूमि के बीच रहस्य और रोमांच देखने को मिलेगा. हारिस इम्तियाज खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में नेहा सरगम, वीरेंद्र सक्सेना और शाजी चौधरी भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को बड़े पर्दे पर दस्तक देगी.
ये भी पढ़ें- Bigg Boss 20: आशिफ और काजी के बीच होगी भयंकर लड़ाई, राशन टास्क में घर का बड़ा रूल तोड़ेंगे स्काउट
5. पहला प्यार दूसरी बार (Pehla Pyaar Dusri Baar)
रोमांस और कॉमेडी से भरपूर फिल्म 'पहला प्यार दूसरी बार' छह पुराने दोस्तों की कहानी दिखाती है. ये दोस्त ग्रेजुएशन के करीब 10 साल बाद एक वेकेशन पर मिलते हैं, जहां पुरानी यादों के साथ उनके रिश्तों के नए पहलू भी सामने आते हैं. अनुज सैनी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अलीशा चोपड़ा, स्पर्श वालिया, साक्षी वैद्य, कुणाल वैद्य और सरगुन कौर लूथरा नजर आएंगे. ये फिल्म भी 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
6. मैं ना रहा मेरा (Main Na Raha Mera)
फिल्म 'मैं ना रहा मेरा' भी इस वीक रिलीज होने वाली है. ये फिल्म एक अधूरे प्यार की कहानी है. इसमें राज नाम के शख्स को सिमरन से प्यार हो जाता है, लेकिन उसका प्यार एकतरफा रह जाता है. दोनों के बीच 12 साल की दूरी आ जाती है. इसके बाद किस्मत उन्हें सिमरन की शादी के मौके पर फिर आमने-सामने ले आती है. अब इतने साल बाद दोनों की मुलाकात क्या मोड़ लेगी, यही कहानी का दिलचस्प हिस्सा है. अमित कसारिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अध्ययन सुमन (Adhyayan Suman) और दिविता राय मुख्य भूमिकाओं में हैं.
7. दूसरा (Doosra)
अभिनय देव के निर्देशन में बनी 'दूसरा' एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है. जिसमें प्लाबिता बोरठाकुर, अंकुर विकल, समिधा गुरु, त्विशा जोशी और कृष्णा गोकानी अहम रोल में नजर आएंगे. फिल्म 'दूसरा' की कहानी साल 2002 के ऐतिहासिक नेटवेस्ट फाइनल से जुड़ी है. उस समय भारतीय क्रिकेट टीम की जीत ने पूरे देश में जश्न का माहौल बना दिया था. फिल्म इसी घटना के बीच एक छोटी लड़की की कहानी भी सामने लाती है, जो सच बोलने की हिम्मत जुटाती है.
8. लिटिल थॉमस (Little Thomas)
'लिटिल थॉमस' भी 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इस फिल्म की कहानी 1990 के दशक के गोवा में रहने वाले सात साल के बच्चे थॉमस मिरांडा की है. वो अपने माता-पिता की इकलौती संतान है और अक्सर अकेलापन महसूस करता है. अपने दोस्तों के भाई-बहनों को देखकर उसके मन में भी एक छोटा भाई होने की इच्छा जागती है. इसके लिए वो अपने माता-पिता के बीच होने वाले झगड़ों को खत्म कराने की कोशिश करता है. कौशल औझा के निर्देशन में बनी इस फैमिली कॉमेडी में रसिका दुग्गल, गुलशन देवैया और हृदांश पारेख समेत कई कलाकार नजर आएंगे.
ये भी पढ़ें- दलेर मेहंदी पर लगा शराब पीकर परफॉर्म करने का आरोप, तो भड़के भाई मीका, बोले- 'मैं गाना छोड़ दूंगा'