
UPL 2026 की फाइनलिस्ट तय. (UPL)
UPL 2026 Women’s: उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 की महिला कैटेगरी में लीग राउंड खत्म होने के साथ ही खिताबी जंग की तैयार शुरू हो गई है. टूर्नामेंट के तीसरे सीजन का फाइनल मुकाबला गुरुवार 24 सितंबर को पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहने वाली मसूरी क्वींस और दूसरे स्थान पर काबिज देहरादून वॉरियर्स के बीच खेला जाएगा. बुधवार को लीग स्टेज के आखिरी दिन खेले गए दोनों मुकाबलों में मसूरी क्वींस और देहरादून वॉरियर्स ने अपने-अपने मैच जीतकर फाइनल में शानदार एंट्री ली. मसूरी क्वींस ने लीग स्टेज में अपने सभी मैच जीतकर अजेय रहने का रिकॉर्ड बरकरार रखा, वहीं देहरादून वॉरियर्स ने तीन मैचों में से दो में जीत दर्ज करते हुए फाइनल का टिकट कटाया.
देहरादून वॉरियर्स 4 विकेट से जीती
दिन के पहले मुकाबले में देहरादून वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. बल्लेबाजी के लिए उतरी बागेश्वर एरियल की टीम पावरप्ले से ही संघर्ष करती नजर आई और 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 98 रन ही जोड़ सकी. फिर 99 रनों के टारगेट के सामने देहरादून वॉरियर्स ने लगातार विकेट गंवाए, लेकिन बल्लेबाज नीलम भारद्वाज ने 39 गेंदों पर 48 रनों की सूझबूझ भरी पारी खेलकर मैच को एकतरफा बना दिया.
देहरादून की टीम ने 18.1 ओवरों में 6 विकेट गंवाकर टारगेट हासिल कर लिया. वहीं, 4 विकेट की इस जीत में अहम भूमिका निभाने वाली नीलम भारद्वाज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
मसूरी क्वींस ने 23 रन से मारी बाजी
दिन के दूसरे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी मसूरी क्वींस का टॉप ऑर्डर बिखर गया और टीम 20 ओवरों में 9 विकेट पर सिर्फ 88 रन ही बना सकी. जिसके बाद पिथौरागढ़ हरिकेन्स के सामने जीत के लिए 89 रनों का आसान टारगेट था. लेकिन मसूरी क्वींस की गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पिथौरागढ़ के बल्लेबाजों को बांधे रखा. लगातार गिरते विकेटों के दबाव में पिथौरागढ़ हरिकेन्स की टीम 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 65 रन ही जोड़ पाई. जिसके चलते मसूरी ने यह लो-स्कोरिंग मैच 23 रनों से जीतकर लीग लीग स्टेज में अपनी जीत का शत-प्रतिशत रिकॉर्ड कायम रखा.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More