UPSC ने दिल्ली शिक्षा विभाग में प्रिंसिपल और वाइस-प्रिंसिपल के 828 पदों पर बंपर भर्ती निकाली है, जिसके लिए आप 25 जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

अगर आप भी सरकारी स्कूल में नौकरी कर रहे हैं और लंबे वक्त से प्रमोशन या किसी बड़े पद की तलाश में हैं, तो आपके लिए एक बेहद शानदार खुशखबरी है। यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) ने उन तमाम लोगों के लिए एक सुनहरा मौका दिया है, जो शिक्षा विभाग में अपना मुकाम बनाना चाहते हैं। दरअसल, यूपीएससी ने दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग (NCT) में प्रिंसिपल और वाइस-प्रिंसिपल के पदों पर बंपर भर्ती निकाली है। ये भर्तियां कुल 828 पदों के लिए की जानी हैं। अगर आप भी इस पद के लिए जरूरी काबलियत रखते हैं, तो तैयार हो जाइए क्योंकि आवेदन की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने वाली है। इस भर्ती के लिए जारी किए गए शॉर्ट नोटिस के मुताबिक, कुल 828 पदों में से 124 पद प्रिंसिपल के लिए हैं, जबकि 704 पदों पर वाइस-प्रिंसिपल की बहाली की जाएगी। जो भी उम्मीदवार इन पदों पर आवेदन करना चाहते हैं, वो 25 जुलाई 2026 से यूपीएससी की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे। फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 14 अगस्त 2026 तय की गई है।

जरूरी तारीखें जो आपको याद रखनी चाहिए

इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आपको वक्त का खास ख्याल रखना होगा। यूपीएससी की तरफ से 21 जुलाई 2026 को इसका शॉर्ट नोटिस जारी कर दिया गया है। ऑनलाइन आवेदन की खिड़की 25 जुलाई 2026 को रात 12:01 बजे से खुल जाएगी। इसके बाद आपके पास फॉर्म भरने के लिए 14 अगस्त 2026 (रात 11:59 बजे) तक का ही वक्त होगा। हालांकि, अभी तक पूरा डिटेल नोटिफिकेशन नहीं आया है, जिसमें सिलेबस और एग्जाम पैटर्न की पूरी जानकारी होगी। जैसे ही वो जारी होगा, उसकी तफसील भी आधिकारिक वेबसाइट पर आ जाएगी।

किस पद के लिए कितनी वैकेंसी मुकर्रर हैं?

जैसा कि हमने ऊपर बताया, कुल 828 पदों पर भर्ती होनी है। जिसमें प्रिंसिपल के लिए 124 पद और वाइस-प्रिंसिपल के लिए 704 पद मुकर्रर किए गए हैं. अभी तक आरक्षित वर्गों अगर आप इन पदों के लिए अप्लाई करना चाहते हैं, तो आपके पास कुछ खास डिग्रियां और तजुर्बा होना लाजमी है।

प्रिंसिपल पद के लिए उम्मीदवार के पास मास्टर डिग्री के साथ बी.एड होना चाहिए। इसके अलावा, PGT या TGT के तौर पर कम से कम 10 साल पढ़ाने का तजुर्बा होना बहुत जरूरी है। वहीं वाइस-प्रिंसिपल पद के लिए भी मास्टर डिग्री और बी.एड की मांग की गई है। तजुर्बे की बात करें तो, PGT के तौर पर 2 साल या TGT के तौर पर 3 साल पढ़ाने का अनुभव होना चाहिए।

उम्र की क्या हद तय की गई है?

उम्र की गिनती 14 अगस्त 2026 को आधार मानकर की जाएगी। प्रिंसिपल पद के लिए उम्र सीमा 35 से 50 साल के बीच रखी गई है। वहीं, वाइस-प्रिंसिपल के लिए यह दायरा 35 से 40 साल का है। सरकारी नियमों के मुताबिक, एससी/एसटी (SC/ST) वर्ग को उम्र में 5 साल और ओबीसी (OBC) को 3 साल की छूट मिलेगी।

आवेदन की फीस

अगर आप जनरल, ओबीसी या ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के पुरुष उम्मीदवार हैं, तो आपको सिर्फ 25 रुपये की मामूली फीस ऑनलाइन जमा करनी होगी। वहीं, महिलाओं और एससी, एसटी व दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए यह फॉर्म बिल्कुल मुफ्त है। उनसे कोई भी शुल्क नहीं लिया जाएगा।

चयन की प्रक्रिया

उम्मीदवारों का चयन एक तय प्रक्रिया से गुजरने के बाद होगा। सबसे पहले एक रिक्रूटमेंट टेस्ट (लिखित परीक्षा या शॉर्टलिस्टिंग) लिया जाएगा। इसके बाद पास होने वाले उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। आखिर में, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद फाइनल मुहर लगेगी। अभी परीक्षा में कितने सवाल होंगे या उसका पैटर्न क्या होगा, ये सारी बातें फुल नोटिफिकेशन आने पर ही साफ हो पाएंगी।

आवेदन कैसे करें?

फॉर्म भरने का तरीका बेहद आसान है। बस आपको इन जरूरी स्टेप्स को फॉलो करना है:

1. सबसे पहले यूपीएससी के ऑनलाइन रिक्रूटमेंट पोर्टल (upsconline.nic.in) पर जाएं।

2. अगर आपने पहले से वन-टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) कर रखा है, तो सीधे लॉग-इन करें। अगर नहीं किया है, तो पहले अपना OTR पूरा करें।

3. वहां एक्टिव एडवरटाइजमेंट सेक्शन में जाकर स्पेशल एडवरटाइजमेंट नंबर 51/2026 के लिंक पर क्लिक करें।

4. मांगी गई सारी निजी और शैक्षणिक जानकारियां बिल्कुल सही-सही भरें।

5. अपनी तस्वीर और सिग्नेचर को स्कैन करके अपलोड करें (ध्यान रहे कि साइज 1 MB से ज्यादा न हो)। बाकी जरूरी सर्टिफिकेट्स भी अपलोड करें (इनका साइज 2 MB तक होना चाहिए)।

6. आखिर में फीस जमा करें (अगर आप पर लागू होती है) और अपने फॉर्म को फाइनल सबमिट कर दें।

7. भविष्य की जरूरत के लिए फॉर्म का प्रिंटआउट निकालकर अपने पास महफूज रख लें।