उत्तराखंड सरकार मुख्यमंत्री युवा भावी निर्माण योजना 2026 शुरू करेगी, जिसके तहत विश्वविद्यालय के छात्रों को यूपीएससी, सीडीएस, बैंकिंग, रेलवे, एसएससी, कैट/मैट, गेट, नेट, सीएसआईआर-नेट और अन्य प्रवेश परीक्षाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। यह दूरदराज के क्षेत्रों और सीमित वित्तीय साधनों वाले छात्रों की मदद करेगा।

By Oneindia Staff

Time Published: Wednesday, August 12, 2026, 11:31 [IST]

उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’ जल्द धरातल पर उतरने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी योजना को पहले ही मंजूरी दे चुके हैं। अब जल्द ही मुख्यमंत्री द्वारा योजना का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।

Uttarakhand Free Online Coaching 2026

राज्य सरकार ने युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक समर्पित योजना शुरू करने का निर्णय लिया था। इसी क्रम में मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026 को स्वीकृति प्रदान की गई है।

योजना के तहत उत्तराखंड के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को कई महत्वपूर्ण प्रतियोगी, प्रवेश और पात्रता परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

* सिविल सर्विसेज परीक्षा (UPSC/PSC)
* रक्षा सेवाओं की CDS परीक्षा
* बैंकिंग परीक्षाएं
* रेलवे भर्ती परीक्षाएं
* SSC परीक्षाएं
* CAT और MAT
* GATE
* NET
* CSIR-NET

इसके अलावा प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश और पात्रता निर्धारण के लिए आयोजित होने वाली अन्य परीक्षाओं की तैयारी का अवसर भी विद्यार्थियों को मिलेगा।

दूरदराज के पर्वतीय क्षेत्रों के छात्रों को होगा फायदा

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026 के माध्यम से राज्य के युवाओं को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे विशेष रूप से उत्तराखंड के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। ऐसे में ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा उन्हें अपने घर या शिक्षण संस्थान से ही तैयारी करने का अवसर देगी।

आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को भी मिलेगा अवसर

यह योजना उन विद्यार्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण होगी, जो आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण महंगी निजी कोचिंग का लाभ नहीं उठा पाते हैं। निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग के जरिए ऐसे छात्र भी प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर और व्यवस्थित तैयारी कर सकेंगे। योजना का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री, मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि राज्य के अधिक से अधिक विद्यार्थी उच्च शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर हासिल कर सकें।

जल्द तय होगी योजना के शुभारंभ की तारीख

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026 के विधिवत शुभारंभ की तारीख जल्द निर्धारित की जाएगी। योजना के शुभारंभ के साथ ही विद्यार्थियों को ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। राज्य सरकार की इस पहल से उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए राज्य में ही बेहतर और सुलभ संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद है।

Read more about: