Vaibhav Sooryavanshi: हरारे में वैभव सूर्यवंशी का फिर हाहाकार, अर्धशतक के साथ बनाया रिकॉर्ड, फिर टूटा दिल

वैभव सूर्यवंशी ने तीसरे टी20 मैच में भी अर्धशतक जमाया.Image Credit source: PTI

‘वैभव सूर्यवंशी इंटरनेशल क्रिकेट में कई रिकॉर्ड बना देंगे.’ कुछ महीने पहले जब आईपीएल 2026 में 15 साल के वैभव का बल्ला खूब हल्ला बोल रहा था तो क्रिकेट फैंस के बीच यही चर्चा चल रही थी. हालांकि वैभव के इंटरनेशनल करियर की शुरुआत अच्छी नहीं रही, जहां वो लगातार 3 पारियों में फेल रहे. मगर अगले 3 मैच में वैभव ने उन दावों को सही साबित कर दिया. जिम्बाब्वे दौरे पर वैभव ने दूसरी बार अर्धशतक जमा दिया और एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर दिया. मगर एक हैरतअंगेज कैच ने वैभव से ऐतिहासिक शतक बनाने का मौका छीन लिया.

हरारे में सीरीज के आखिरी मैच में एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी का कमाल देखने को मिला. इस बार तो भारतीय ओपनर ने मैच की पहली ही गेंद पर चौका जमाकर अपना और टीम का खाता खोला. इसके बाद भी उनका हमला जारी रहा. हालांकि, इस मैच में जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने उन्हें पहले मैच जितनी आजादी नहीं दी लेकिन फिर भी वैभव को रोकना उनके लिए मुश्किल साबित हुआ.

वैभव के अर्धशतक से बना रिकॉर्ड

एक बार फिर वैभव के सीनियर ओपनिंग पार्टनर अभिषेक शर्मा जल्दी आउट हो गए लेकिन इसका असर युवा स्टार पर नहीं पड़ा. पहले मैच में तो वैभव ने 18 गेंदों में ही अर्धशतक जमा दिया था लेकिन इस बार उनकी फिफ्टी 31 गेंदों में आई. भले ही ये अर्धशतक वैभव के खेलने के अंदाज के हिसाब से थोड़ा धीमा था लेकिन उन्होंने इसके साथ ही एक नया रिकॉर्ड भी बना दिया. वो पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए, जिसने इंटरनेशनल क्रिकेट में 16 साल की उम्र से पहले ही 2 अर्धशतक जमा दिए. इस मामले में वो अभी तक नेपाल के कुशल मल्ला (1) की बराबरी पर थे.

जबरदस्त कैच ने छीना शतक का मौका

मगर वैभव इस पारी में सिर्फ अर्धशतक से मानने को तैयार नहीं थे बल्कि वो अपने हमले को जारी रखते हुए शतक की ओर बढ़ रहे थे. जिस तरह से उनकी बल्लेबाजी चल रही थी, उसे देखकर लग रहा था कि वो शतक भी पूरा कर लेंगे. मगर तभी वेस्ली मधेवेरे की गेंद पर छक्का जमाने की कोशिश विफल हो गई और लॉन्ग ऑफ से दौड़कर आते हुए ब्रैड एवन्स ने हैरतरअंगेज डाइव के साथ कैच लपक लिया. वैभव ने सिर्फ 40 गेंदों में 81 रन की पारी खेली, जो उनका इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर है. उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के लगाए.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button