September 9, 2026 37 बार देखा गया
वाराणसी के पांडेयपुर-लालपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज इलाके में 22 वर्षीय युवक का शव कुएं में फंदे से लटका मिला। यह घटना आज 9 सितम्बर 2026 की सुबह की बताई जा रही है। शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

कुँए में शव मिलने के बाद लगी भीड़ (फोटो साभार: सुशीला)
रिपोर्ट – सुशीला, लेखन – सुचित्रा
मृतक की पहचान इरफान शाह (22) पुत्र खुर्शीद शाह, निवासी पिपरहवा घाट, हुकुलगंज के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार 9 सितम्बर को सुबह कुछ लोग कुएं के पास पानी लेने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने कुएं में रस्सी के सहारे एक युवक का शव लटका देखा। गांव में ये भी चर्चा है कि युवक ने खुद फांसी लगाई है लेकिन इस बात की अभी पुष्टि नहीं हुई है। लोगों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पांडेयपुर चौकी प्रभारी दिनेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
क्या है पूरा मामला
मृतक इरफान के चाचा जुबैद शाह ने बताया कि मंगलवार 8 सितम्बर को रात करीब 9:30 बजे तक इरफान घर पर था। इरफ़ान तीन भाई और तीन बहन है और वह भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाई साहिल की उम्र करीब 20 वर्ष है, जबकि सबसे छोटा भाई 15 वर्ष का है। इरफान की शादी नवंबर 2024 में हुई थी। उसकी करीब एक साल की बेटी है और पत्नी गर्भवती हैं। परिवार के मुताबिक, बाढ़ के कारण उसकी पत्नी और बेटी को मायके मुजफ्फरपुर, बिहार भेज दिया गया था।
परिवार में तीन बहनें भी हैं। इनमें दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि एक छोटी बहन है। इरफान गोदौलिया क्षेत्र में रात के समय बाटी-चोखा की दुकान लगाता था। वह सुबह करीब 3 से 4 बजे घर लौटता था। दिन में वह रुपये देकर दुकान लगवाता था। उसके पिता मुंबई में बैग सिलाई का काम करते हैं।
“किसी से झगड़ा नहीं है” – चाचा
इरफ़ान के चाचा ने बताया कि इरफ़ान इलाके में किसी से झगड़ा नहीं था। सबसे हंस कर बात करता था। हमें पापा कहकर ही बुलाता था। हमको शक है क्योंकि फांसी कोई लगाता है तो जुबान बाहर निकल जाता है शव को देखा तो ऐसा नहीं था। हम बस इतना चाहते हैं कि इस मामले की निष्पक्ष जाँच हो। उन्होंने पुलिस से लिखित में कार्रवाई की मांग की है।

मारपीट का आरोप
खबर लहरिया की रिपोर्टर को इरफ़ान के चाचा ने फोन कॉल पर बताया कल 8 सितम्बर को रात 9 बजे चाय की दुकान के चौकाघाट पर कुछ लोग इरफ़ान के साथ मारपीट कर रहे थे। गांव की एक महिला ने उसके साथ मारपीट होते हुए देखा था।
कथित आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं
पुलिस के अनुसार, युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिवार की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पांडेयपुर-लालपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’
If you want to support our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our premium product KL Hatke