Vastu Tips For Home: फ्लैट में नहीं करा सकते तोड़फोड़? वास्तु दोष दूर करने के लिए घर में लगाएं ये 3 तस्वीरें!

घर में कौन सी तस्वीर लगाएंImage Credit source: pexels

Lucky Paintings for Home: आजकल ज्यादातर लोग फ्लैट और अपार्टमेंट में रहते हैं. घर बनाते समय वास्तु के अनुसार हर दिशा और स्थान पर ध्यान देना संभव हो सकता है, लेकिन बने-बनाए फ्लैट में बाद में बदलाव करना आसान नहीं होता. दीवार तोड़ना, कमरों की दिशा बदलना या दरवाजे और खिड़कियों की जगह बदलना हर किसी के लिए संभव नहीं होता. ऐसे में वास्तु शास्त्र में कुछ सरल उपाय बताए गए हैं. मान्यता है कि घर की अलग-अलग दिशाओं में प्रकृति और पंचतत्वों से जुड़ी तस्वीरें लगाकर सकारात्मक माहौल बनाने का प्रयास किया जा सकता है. खासतौर पर दक्षिण-पश्चिम, उत्तर और पूर्व दिशा के लिए अलग-अलग तरह की तस्वीरों के बारे में बताया गया है.

दक्षिण-पश्चिम दिशा में लगाएं पहाड़ों की तस्वीर

वास्तु शास्त्र में दक्षिण-पश्चिम दिशा को स्थिरता और मजबूती से जोड़कर देखा जाता है. मान्यता है कि इस दिशा में ऊंचे और मजबूत पहाड़ों की तस्वीर लगाना शुभ माना जाता है. पहाड़ स्थिरता, धैर्य और मजबूती का प्रतीक माने जाते हैं. इसलिए दक्षिण-पश्चिम दिशा में सुंदर पहाड़ों की तस्वीर लगाने से घर में स्थिरता का भाव बना रहता है. ऐसी तस्वीर चुनें, जिसमें पहाड़ शांत, मजबूत और आकर्षक दिखाई दें.

उत्तर दिशा में लगाएं जल तत्व से जुड़ी तस्वीर

उत्तर दिशा को वास्तु मान्यताओं में करियर और कामकाज से जोड़कर देखा जाता है. इस दिशा में जल तत्व से संबंधित तस्वीर लगाना शुभ माना जाता है. आप शांत बहते पानी, झरने या स्वच्छ नदी की तस्वीर लगा सकते हैं. मान्यता है कि जल का प्रवाह जीवन में आगे बढ़ने और नए अवसरों का प्रतीक होता है.

पूर्व दिशा में लगाएं उगते सूरज की तस्वीर

वास्तु मान्यताओं में पूर्व दिशा का संबंध सूर्य और नई शुरुआत से जोड़ा जाता है. इसलिए इस दिशा में उगते हुए सूरज की तस्वीर लगाना शुभ माना जाता है. उगता सूरज नई ऊर्जा, उम्मीद और सकारात्मक शुरुआत का प्रतीक माना जाता है. मान्यता है कि पूर्व दिशा में सूर्योदय की सुंदर तस्वीर लगाने से घर के वातावरण में उत्साह और सकारात्मकता का भाव बना रहता है.

तस्वीर लगाते समय इन बातों का रखें ध्यान

घर में तस्वीरें केवल वास्तु के लिए ही नहीं, बल्कि सजावट और मन के भावों पर भी असर डालती हैं.तस्वीर फटी हुई, धुंधली या खराब स्थिति में नहीं होनी चाहिए. ऐसी तस्वीर लगाएं जो घर के माहौल के साथ मेल खाती हो और देखने में सुकून दे. तस्वीर को साफ-सुथरी और उचित जगह पर लगाना भी जरूरी माना जाता है.

ये भी पढ़ें: घर की दक्षिण-पश्चिम दिशा में कौन सा पौधा रखना है शुभ? जानें नैऋत्य कोने से जुड़ा नियम

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी वास्तु शास्त्र और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

वरुण चौहान

वरुण चौहान

इलेक्‍ट्रानिक और डिजिटल मीडिया में करीब एक दशक से ज्यादा का अनुभव. 2008 में एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन (AAFT) नोएडा से पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद कुछ अलग और नया करने की सोच के साथ मीडिया में अपने सफर की शुरुआत की. शुरुआत से ही मेरी रुचि उन विषयों को आम लोगों तक पहुंचाने में रही है, जो भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं से जुड़े हैं. अपने करियर के दौरान Channel One News, Sahara Samay, A2Z News, News Express, National Voice और पंजाब केसरी डिजिटल जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला. इन संस्थानों में काम करते हुए समाचार लेखन, फील्ड रिपोर्टिंग,और डिजिटल कंटेंट को सीखने का अनुभव मिला. फिलहाल देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में धर्म और आस्था से जुड़ी खबरों, धार्मिक आयोजनों, ज्योतिष, वास्तु, पौराणिक कथाओं, मंदिरों की परंपराओं और व्रत-त्योहारों से जुड़े विषयों को सरल, सहज और तथ्यपूर्ण भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभा रहा हूं. महाकुंभ 2025 की कवरेज मेरे करियर के महत्वपूर्ण अनुभवों में शामिल है, जहां करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, अखाड़ों की परंपराओं, संत समाज की गतिविधियों और कुंभ से जुड़े धार्मिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर विस्तार से लिखने का अवसर मिला. इसके अलावा चारधाम यात्रा, सावन, नवरात्रि, दीपावली, होली, छठ पूजा, अमरनाथ यात्रा, रमज़ान और अन्य प्रमुख धार्मिक आयोजनों पर भी लगातार लेखन किया है. भारतीय संस्कृति, धर्म-दर्शन, ज्योतिष, अंक ज्योतिष, वास्तु शास्त्र, पुराणों और लोक आस्थाओं के अध्ययन में विशेष रुचि रखता हूं. मेरा प्रयास हमेशा यही रहता है कि धार्मिक और आध्यात्मिक विषयों को सरल भाषा के माध्यम से पाठकों तक पहुंचाया जाए, ताकि वे अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को बेहतर ढंग से समझ सकें.

Read More

google button