Noida International Airport: तेज बारिश के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एयरपोर्ट के फोरकोर्ट और पार्किंग एरिया को जोड़ने वाले अंडरपास में काफी पानी भरा नजर आ रहा है. वीडियो में अंडरपास का बड़ा हिस्सा पानी में डूबा दिखाई दे रहा है. पानी के बीच से कुछ लोग गुजरते नजर आ रहे हैं, जबकि एयरपोर्ट कर्मचारी जलभराव की स्थिति को संभालते दिख रहे हैं.
तेज बारिश के बाद अंडरपास में जलभराव
बताया जा रहा कि ग्रेटर नोएडा और आसपास के इलाकों में हुई तेज बारिश के बाद एयरपोर्ट परिसर में पानी भर गया. वायरल वीडियो में अंडरपास के अंदर काफी मात्रा में पानी दिखाई दे रहा है. यह अंडरपास टर्मिनल के फोरकोर्ट को पार्किंग क्षेत्र से जोड़ता है. ऐसे में यहां पानी भरने से यात्रियों की आवाजाही प्रभावित होने की स्थिति बन गई.
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग एयरपोर्ट की जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल पूछ रहे हैं. लोगों का कहना है कि अगर कम समय में हुई तेज बारिश के बाद ही अंडरपास में इतना पानी जमा हो गया तो ज्यादा बारिश के दौरान स्थिति कैसी होगी?
यात्रियों की आवाजाही वाले रास्ते में भरा पानी
एयरपोर्ट का यह अंडरपास यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण रास्ता है. टर्मिनल से बाहर निकलने के बाद पार्किंग क्षेत्र की तरफ जाने वाले यात्रियों को इसी रास्ते से गुजरना होता है. वायरल वीडियो में कुछ यात्री और अन्य लोग पानी के बीच से निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं.
वहीं, एयरपोर्ट के कर्मचारी मौके पर स्थिति को संभालते और पानी निकालने की कोशिश करते नजर आए. पानी भरने के बाद किसी यात्री ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. इसके बाद वीडियो तेजी से वायरल होने लगा.
ड्रेनेज सिस्टम पर उठे सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद सबसे ज्यादा सवाल एयरपोर्ट के ड्रेनेज सिस्टम को लेकर उठ रहे हैं. किसी भी बड़े एयरपोर्ट परिसर में बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण होती है. ऐसे में यात्रियों की आवाजाही वाले अंडरपास में पानी जमा होने से लोग इसकी क्षमता और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं.
एयरपोर्ट प्रबंधन ने दी सफाई
वहीं, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर से इस मामले में सफाई दी गई है. प्रबंधन के मुताबिक, कम समय में हुई बेहद तेज बारिश के कारण टर्मिनल और पार्किंग क्षेत्र को जोड़ने वाले रास्ते में कुछ समय के लिए बारिश का पानी पहुंच गया था. एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि टीमों ने तुरंत मौके पर कार्यवाही की गई और 30 मिनट से भी कम समय में पानी साफ कर दिया गया. प्रबंधन के अनुसार, इस दौरान उड़ान संचालन या एयरपोर्ट की सामान्य गतिविधियों पर कोई असर नहीं पड़ा.
एयरपोर्ट टीम ने संभाली स्थिति
प्रबंधन का कहना है कि एयरपोर्ट की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. भारी बारिश के दौरान किसी भी तरह की परेशानी से निपटने के लिए कर्मचारी और व्यवस्थाएं तैयार रखी गई हैं. यात्रियों की आवाजाही सुचारू बनाए रखने के लिए जलभराव की स्थिति पर लगातार निगरानी की जा रही है.

नदीम सैफी
नदीम सैफी पिछले 11 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजनीति व क्राइम की खबरों पर मजबूत पकड़ है. कई टीवी चेन्नल्स में बतौर रिपोर्टर काम कर चुके हैं. कोरोना काल में जब लोग घरों में कैद थे तब सड़कों पर उतरकर लोगों को ग्राउंड जीरो से रूबरू करवाया. नोएडा में एक दैनिक समाचार पत्र से शुरुआत की और R9 टीवी, नवतेज टीवी, प्राइम न्यूज़ व जनतंत्र टीवी में काम का अनुभव लिया. फिलहाल TV9 में बतौर डिजिटल रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं.
Read More