
गंगा एक्सप्रेस-वे के टोल प्लाजा का वीडियो वायरल.
Unnao News: करोड़ों रुपए की लागत से तैयार गंगा एक्सप्रेस-वे पर बारिश के बाद जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. सोमवार शाम बारिश के बाद उन्नाव जिले के बशीरतगंज क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास एक्सप्रेस-वे से उतरने वाले टोल मार्ग पर काफी पानी भर गया. सड़क पर दूर तक जलभराव होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
टोल मार्ग पर काफी दूर तक भरा पानी
सोमवार शाम हुई बारिश के बाद टोल प्लाजा के पास सड़क पर पानी जमा हो गया. देखते ही देखते सड़क का बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया. वाहन चालकों को पानी के बीच से धीमी रफ्तार में गुजरना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर पानी जमा हुआ. हालांकि, प्रशासन और संबंधित कार्यदायी संस्था की टीम ने मौके पर पहुंचकर पानी निकालने का काम शुरू कर दिया.
ट्यूबवेल पंप लगाकर निकाला गया पानी
जलभराव की जानकारी मिलते ही कार्यदायी संस्था के कर्मचारी मौके पर पहुंचे. सड़क पर जमा पानी को बाहर निकालने के लिए ट्यूबवेल पंप लगाए गए. कर्मचारी लगातार पंप चलाकर पानी निकालने में जुटे रहे. टीम की कोशिश थी कि सड़क से जल्द से जल्द पानी हटाया जाए, ताकि वाहन चालकों को परेशानी न हो और यातायात सामान्य बना रहे.
ये भी पढ़ें- चित्रकूट में बाढ़ का कहर! 16 गांव डूबे, 700 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू घरों में 5 फीट तक जमा कीचड़
गंगा एक्सप्रेस-वे पर यह पहला मामला नहीं है, जब बारिश के बाद सड़क की गुणवत्ता और निर्माण को लेकर सवाल उठे हों. कुछ दिन पहले भी उन्नाव के सोनिक के पास एक्सप्रेस-वे के किनारे का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने का वीडियो सामने आया था. वीडियो में सड़क के किनारे का हिस्सा टूटा और धंसा हुआ दिखाई दे रहा था. इसके बाद सोशल मीडिया पर गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण और बरसात में उसकी स्थिति को लेकर सवाल उठाए गए.
मेरठ से प्रयागराज को जोड़ता है गंगा एक्सप्रेस-वे
गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख 594 किलोमीटर लंबा और 6-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे है, जो उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) द्वारा बनाया गया है. यह मेरठ जिले से शुरू होकर प्रयागराज तक जाता है. इसके बनने से मेरठ से प्रयागराज का सफर लगभग 12 घंटे से घटकर 6 घंटे रह गया है. इसको बनाने में करीब 36,000 करोड़ का खर्च आया है.
बारिश में व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार सामने आ रहे जलभराव और सड़क के क्षतिग्रस्त होने के वीडियो ने बरसात के दौरान एक्सप्रेस-वे की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सोमवार को टोल प्लाजा के पास जलभराव के बाद वाहन चालकों को काफी सावधानी से गुजरना पड़ा. फिलहाल संबंधित टीम पानी निकालने में जुटी है.

कुमार मनीष
मनीष सिंह को पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 20 वर्षों का अनुभव है. इन्हें सामाजिक, धार्मिक और पर्यटन से जुड़ी खबरों में अधिक दिलचस्पी है. इन्होंने सहारा समय के साथ अपनी पत्रकारिता की शुरुवात की थी. उसके बाद इन्होंने कई अन्य चैनलों में काम किया. मनीष ने मिर्जापुर से अब तक चार लोकसभा और चार विधानसभा चुनाव को कवर किया है . डिजिटल मीडिया की बात करें तो इन्होंने नवभारत टाइम्स के साथ डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा था. वर्तमान में आप टीवी9 के साथ उन्नाव से जुड़े हैं. मनीष सिंह ने इंटर तक की पढ़ाई जुबली इंटर कॉलेज लखनऊ और ग्रेजुएशन व पोस्ट ग्रेजुएट लखनऊ विश्वविद्यालय से किया है. यहीं से मास्टर ऑफ जर्निलजम की पढ़ाई भी पूरी की है.
Read More