
वकील ने आरोपी को कोर्ट परिसर में जड़ा थप्पड़.
Jamui News: बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार के मामले में बुधवार को कोर्ट परिसर में हंगामा हो गया. गिरफ्तार आरोपी हरेराम यादव को पेशी के लिए जमुई व्यवहार न्यायालय लाया गया था. पेशी के बाद जब पुलिस उसे सुरक्षा घेरे में लेकर बाहर निकल रही थी, तभी अधिवक्ता आकाश पांडे ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है.
पेशी के बाद आरोपी को मारा थप्पड़
हरेराम यादव की कोर्ट में पेशी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस उसे बाहर लेकर जा रही थी. इसी दौरान अधिवक्ता आकाश पांडे ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया. घटना के बाद कोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत आरोपी को अपने घेरे में ले लिया. पुलिस ने भीड़ को दूर करते हुए हरेराम यादव को सुरक्षित तरीके से कोर्ट परिसर से बाहर निकाला. इसके बाद उसे पुलिस सुरक्षा में जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई. घटना के समय टाउन थाना के एएसआई सुनील कुमार समेत कई पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे.
ये भी पढे़ं- महिला सिपाही के कपड़े फाड़ने से लेकर नाबालिग से हैवानियत तक जमुई कांड ने खोली खौफ और दबंगई की पुरानी परतें
अधिवक्ता ने थप्पड़ मारने की बात स्वीकार की
अधिवक्ता आकाश पांडे ने मीडिया से बातचीत में आरोपी को थप्पड़ मारने की बात स्वीकार की. उन्होंने कहा कि नाबालिग छात्रा से घटना को लेकर पूरे जमुई में नाराजगी है. उनके मुताबिक, उन्होंने जो थप्पड़ मारा, वह इसी आक्रोश का प्रतीक था. अधिवक्ता ने कहा कि इस घटना से जमुई की बदनामी हुई है. अधिवक्ताओं में भी नाराजगी है. उन्होंने दावा किया कि विधिज्ञ संघ के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने आरोपियों की ओर से मुकदमा नहीं लड़ने का फैसला लिया है.
पुलिस ने आरोपी को भीड़ से बचाकर निकाला
कोर्ट परिसर में आरोपी के साथ मारपीट की स्थिति और बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सुरक्षा बढ़ा दी. पुलिसकर्मियों ने हरेराम यादव को अपने घेरे में लिया और लोगों से दूर करते हुए न्यायालय परिसर से बाहर निकाला. इसके बाद आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की गई. कोर्ट परिसर में पेशी के दौरान आरोपी को थप्पड़ मारे जाने की घटना अब इस मामले का एक अलग घटनाक्रम बन गई है.
दूसरे आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में लगी थी गोली
इस मामले में नंदन यादव को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस कार्रवाई के दौरान उसके पैर में गोली लगी थी. इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था. जानकारी के मुताबिक, इलाज के बाद मेडिकल रूप से फिट घोषित होने पर नंदन यादव को भी न्यायालय में पेश किया जाएगा. मामले में पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है.

शिवम
घूमने का शौक, The-VOB , Daily hunt न्यूज़ में 3 साल से ज्यादा के काम का अनुभव.
Read More