दुनिया
- Edited by: पीयूष कुमार
- Updated Jul 20, 2026, 10:13 AM IST
FIFA World Cup: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मैच का एकमात्र गोल एक्स्ट्रा टाइम के 106वें मिनट में फेरान टोरेस ने किया। वहीं ट्रॉफी सेरेमनी के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चर्चा का केंद्र बन गए। ट्रंप जब फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो के साथ ट्रॉफी देने पहुंचे तो दर्शकों के एक हिस्से ने उनकी हूटिंग की।
![]()
FIFA फाइनल में ट्रंप की एंट्री बनी विवाद! White House X handle
FIFA World Cup: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन ने अर्जेंटिन को 1-0 से हराकर खिताब जीत लिया। वहीं मैच के बाद ट्रॉफी सेरेमनी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सुर्खियों में आ गए। ट्रंप जब फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो के साथ ट्रॉफी और मेडल देने के लिए मैदान पर पहुंचे तो स्टेडियम में मौजूद दर्शकों के एक हिस्से ने उनकी जोरदार हूटिंग की।
जब स्टेज पर रुके रहे ट्रंप
ट्रंप ने स्पेन के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल सौंपे, लेकिन विवाद तब खड़ा हो गया जब ट्रॉफी देने के बाद भी वह विजेता टीम के जश्न के दौरान स्टेज पर खड़े रहे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो उन्हें मंच से हटने का इशारा करते हैं, जिसके बाद ट्रंप वहां से हटते हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी।
ट्रंप के विरोध में जुटे थे लोग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फाइनल से पहले ही ट्रंप के विरोध में कुछ समूहों ने 'रेड कार्ड' अभियान चलाने की योजना बनाई थी। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी संख्या में लाल कार्ड जब्त कर लिए, फिर भी ट्रंप के मैदान पर आते ही दर्शकों के एक वर्ग ने हूटिंग कर अपना विरोध दर्ज कराया। हालांकि स्टेडियम में मौजूद सभी दर्शकों की प्रतिक्रिया एक जैसी नहीं थी। कुछ लोगों ने उनका स्वागत भी किया, लेकिन ट्रॉफी सेरेमनी के दौरान हुई हूटिंग और स्टेज पर उनके रुकने का वीडियो सबसे ज्यादा चर्चा में रहा।
फाइनल मुकाबले में क्या हुआ?
बताते चलें कि स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 के अंतर से मात देकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया है। 16 साल लंबे अंतराल के बाद फाइनल में पहुंची स्पेनिश टीम अर्जेंटीना से बेहतर टीम साबित हुई। स्पेन के लिए एकलौता गोल एक्स्ट्राटाइम के सेकेंड हाफ में फेरान टॉरेस ने (106') ने किया। स्पेन का डिफेंस एक बार फिर उसकी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा और अर्जेंटीना के खिलाड़ियों को गोल को भेदने नहीं दिया। मैच 90 मिनट के शुरुआती समय के बाद 0-0 से बराबर रहा। एंजो फर्नांडेज 93वें मिनट में मैदान से रेड कार्ड मिलने के बाद बाहर गए और यह अर्जेंटीना के लिए भारी पड़ गया।
![]()
पीयूष कुमारauthor
पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- World
End of Article