Published: Tuesday, September 8, 2026, 16:11 [IST]
Telangana Assembly Minister CPR VIDEO: तेलंगाना विधानसभा में मंगलवार (8 सितंबर) को उस समय अफरा तफरी मच गई, जब एक अधिकारी अचानक बेहोश होकर परिसर में गिर पड़े। मौके पर मौजूद पशुपालन मंत्री वकिटी श्रीहरि ने तुरंत उनकी मदद की और उन्हें CPR दिया। मेडिकल टीम को सूचना देने के बाद अधिकारी को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान राजू के रूप में हुई है। वह सिंचाई विभाग के प्रधान सचिव और IAS अधिकारी नवीन मित्तल के पर्सनल सेक्रेटरी (PS) के तौर पर काम कर रहे थे।
अचानक बेहोश होकर गिर पड़े राजू
बताया जा रहा है कि राजू मंगलवार को विधानसभा परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद मंत्री वकिटी श्रीहरि ने तत्काल स्थिति संभाली और राजू को CPR देना शुरू किया। इसके साथ ही मेडिकल स्टाफ को बुलाया गया और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
राजू को एंबुलेंस से मेडिकल सेंटर ले जाया गया। अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, उन्हें गंभीर कार्डियक अरेस्ट आया था। अस्पताल पहुंचने तक उनकी मौत हो चुकी थी। राजू की अचानक हुई मौत से विधानसभा परिसर में मौजूद अधिकारी और कर्मचारी सदमे में हैं। उनकी उम्र, मेडिकल हिस्ट्री और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
राजनीतिक घटनाक्रम के बीच हुई घटना
राजू की मौत ऐसे समय हुई, जब तेलंगाना विधानसभा के बाहर और राज्य में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज थीं। विधानसभा अध्यक्ष को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी भारत राष्ट्र समिति (BRS) के बीच तनाव बढ़ गया।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस घटनाक्रम को तेलंगाना के लिए 'काला दिन' बताया। विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने BRS के दो MLC को हिरासत में लिया। बाद में BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव (KTR) को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
KTR ने पुलिस पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेताओं को पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (KCR) के आवास तक जाने दिया जा रहा है, जबकि BRS नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोका जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस या सरकार की ओर से विस्तृत प्रतिक्रिया का इंतजार है।