Vineet Minocha Murder Case:उत्तर प्रदेश में कानपुर के दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड (Vineet Minocha Murder Case) में कोर्ट ने आरोपी बहू शालू, विशाल गौतम और राजकिशोर को 24 घंटे की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। हत्या के मामले में पुलिस बुधवार दोपहर 12 बजे तीनों को जेल से लेकर पूछताछ शुरू करेगी। ये रिमांड गुरुवार दोपहर 12 बजे तक रहेगी।

चेहरा छुपाते नजर आए तीनों आरोपी

22 सितंबर, मंगलवार को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया था। शालू ने मास्क और दुपट्टे से चेहरा ढका था, जबकि राजकिशोर ने भी कैमरे से बचने की कोशिश की। विशाल ने हत्या से जुड़े सवालों पर कोई जवाब नहीं दिया।

पुलिस को कई सवालों के जवाब की तलाश

दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड (Vineet Minocha Murder Case) में पुलिस का फोकस फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी पर भी है। पुलिस शालू से ये पता करना चाहती है कि चाबी कहां बनवाई गई और विशाल को क्यों दी गई। जांच में चाबी से जुड़े घटनाक्रम में विशाल की भूमिका सामने आने की बात कही गई है।

Vineet Minocha Murder Case Update

मोबाइल की बातचीत भी जांच का हिस्सा 

पुलिस विशाल से हत्या की योजना, वारदात की वजह और शालू से उसके संपर्क को लेकर भी पूछताछ करेगी। हत्या से पहले और बाद में उसके मोबाइल से हुई बातचीत को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

सुब्रत से पहले भी पूछताछ कर चुकी है पुलिस

विनीत मिनोचा हत्याकांड की पड़ताल में पुलिस ने सात मोबाइल नंबरों के कॉल रिकॉर्ड खंगाले हैं। केस में पुलिस के अनुसार एक मई से पांच सितंबर के बीच विशाल और कारोबारी के बेटे सुब्रत के बीच 309 बार बातचीत हुई। हत्या से दो दिन पहले विशाल ने नया सिम लेकर सुब्रत से बात की थी। पुलिस सुब्रत से पहले भी पूछताछ कर चुकी है। नौकरी से निकाले जाने के बाद भी संपर्क में रहने, चाबी बनवाने और हत्या से पहले हुई मुलाकातों को लेकर उससे सवाल किए गए हैं।

विनीत की पत्नी की वसीयत भी सामने आई

पुलिस अब वारदात वाली रात की घटनाओं को भी जोड़कर देख रही है। जांच के मुताबिक पांच सितंबर की रात हत्या के समय सुब्रत और शालू तिलक नगर के एक लाउंज में कपल किटी पार्टी में थे। पार्टी में करीब 35 लोग शामिल हुए थे और बिल लगभग 49 हजार रुपये का था। इसके अलावा पुलिस के सामने विनीत की पत्नी पुनीता मिनोचा की जून 2022 में तैयार वसीयत भी आई है। संपत्ति से जुड़े इस दस्तावेज की जांच की जा रही है। रिमांड के दौरान पुलिस तीनों से आमने-सामने पूछताछ कर इन सभी कड़ियों को जोड़ने की कोशिश करेगी।

लेखक