Viral: बिजी लाइफ के बीच 90 सेकंड का प्यार, एयरपोर्ट पर मिले कुछ पल बने खास, YesMadam CEO की लवस्टोरी ने जीता दिल

90 सेकंड में मिली पार्टनरImage Credit source: Linkdin/Aditya Arya

कहते हैं कि किसी भी रिश्ते की असली ताकत साथ बिताए गए वक्त में छिपी होती है. लेकिन जब जिंदगी का बड़ा हिस्सा बिजनेस, मीटिंग्स और लगातार होने वाली यात्राओं में गुजरने लगे, तब कुछ सेकंड की मुलाकात भी बेहद कीमती लगने लगती है. कुछ ऐसा ही अनुभव YesMadam के को-फाउंडर और CEO आदित्य आर्य ने हाल ही में शेयर किया, जिसने सोशल मीडिया पर हजारों लोगों का दिल छू लिया.

आदित्य आर्य ने लिंक्डइन पर अपनी पत्नी के साथ एक तस्वीर पोस्ट की और उसके पीछे की कहानी बताई. उन्होंने लिखा कि एक दिन ऐसा संयोग बना जब उनकी पत्नी की फ्लाइट अभी-अभी उतरी थी और उन्हें खुद दूसरी फ्लाइट पकड़नी थी. दोनों अलग-अलग सफर पर थे, लेकिन एयरपोर्ट के एक ही गेट पर उनकी मुलाकात हो गई. उनके पास साथ बिताने के लिए सिर्फ 90 सेकंड थे, लेकिन उन कुछ पलों ने पूरे दिन को खास बना दिया.

ईमानदारी और प्यार ने जीता दिल

आदित्य ने बताया कि उन डेढ़ मिनटों में उन्होंने बस एक-दूसरे का हाथ पकड़ा, मुस्कुराए और कुछ बातें कीं. वक्त बहुत कम था, लेकिन उस पल ने उन्हें ऐसा एहसास कराया जैसे दुनिया की सारी जल्दी रुक गई हो. उन्होंने लिखा कि कभी-कभी छोटी-सी मुलाकात भी लंबे समय तक साथ रहने जितनी यादगार बन जाती है.

उन्होंने अपनी पोस्ट में हल्के-फुल्के अंदाज में यह भी कहा कि अब उन्होंने इन छोटी मुलाकातों को “मीटिंग” का नाम दे दिया है. जहां ज्यादातर कपल किसी कैफे या रेस्टोरेंट में डेट प्लान करते हैं, वहीं उनकी मुलाकातें अक्सर एयरपोर्ट के लेओवर के दौरान होती हैं. यही उनकी जिंदगी की हकीकत बन चुकी है और अब दोनों इसे खुशी-खुशी एक्सपेट कर चुके हैं.

आदित्य ने यह भी माना कि जब उन्होंने शादी की थी, तब उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि शादीशुदा जिंदगी इस तरह बीतेगी. लेकिन जब दो लोग मिलकर एक स्टार्टअप को खड़ा करने का सपना देखते हैं, तो उनकी प्राथमिकताएं और दिनचर्या दोनों बदल जाती हैं. उन्होंने कहा कि YesMadam को आगे बढ़ाने की यात्रा ने उन्हें यह सिखाया कि अगर समय कम हो, तब भी उसे पूरी तरह जिया जा सकता है. यही सोच उन्होंने अपने रिश्ते में भी अपनाई और पिछले नौ वर्षों से यही उनकी सबसे बड़ी ताकत बनी हुई है.

इस पोस्ट पर उनकी पत्नी और YesMadam की सह-संस्थापक गरिमा शर्मा ने भी दिल छू लेने वाला जवाब दिया. उन्होंने लिखा कि शायद कुछ लोगों को उनकी जिंदगी का तरीका अलग या अजीब लगे, लेकिन उनके लिए यही असली रोमांस है. उनके मुताबिक, रिश्ते की खूबसूरती इस बात में नहीं है कि साथ कितना समय बिताया गया, बल्कि इस बात में है कि जो भी पल मिले, उन्हें कितनी ईमानदारी और प्यार से जिया गया.

यह भी पढ़ें: कॉर्पोरेट जॉब या इंफ्लुएंसर लाइफ? वीडियो में सामने आया दोनों करियर का असली फर्क

सोशल मीडिया पर यह कहानी तेजी से वायरल हो रही है. हजारों लोगों ने इस कपल की सोच की सराहना की. कई यूजर्स ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में रिश्तों के लिए कुछ पल निकाल पाना भी बड़ी बात है. वहीं कुछ लोगों ने इसे इस बात का उदाहरण बताया कि प्यार की गहराई समय की लंबाई से नहीं, बल्कि भावनाओं की सच्चाई से तय होती है.

यहां देखिए पोस्ट

आयुष कुमार

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं.<p></p> अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. <p></p>फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.

Read More

google button