Aug 12, 2026 11:45 am ISTलाइव हिन्दुस्तान
India Vs Afghanistan: अफगानिस्तान को अगले महीने भारत में तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। भारतीय टीम अपने घर में मेहमान होगी। सीरीज पर अब भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने भी मुहर लगा दी है।

राशिद खान अफगानिस्तानी खिलाड़ियों के साथ (फाइल फोटो)
भारत और अफागनिस्तान के बीच 13 सितंबर से तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। तीनों मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होंगे। दूसरा मुकाबला 15 और तीसरा मैच 17 सितंबर को आयोजित होगा। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी सीरीज के शेड्यूल पर मुहर लगा दी है। अफगानिस्तान अपने क्रिकेट इतिहास में पहली बार भारत की मेजबानी करेगा। अफगानिस्तान में सुरक्षा कारणों से इंटरनेशनल मैच नहीं होते। अफगानिस्तान ने भारतीय सरजमीं पर आयरलैंड और बांग्लादेश जैसी टीमों की मेजबान की है।
BCCI ने ऐतिहासिक मेजबानी पर क्या कुछ कहा?
अफगानिस्तान को ऐतिहासिक मेजबानी मिलने के बाद बीसीसीआई के अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा, ''भारतीय बोर्ड अफगानिस्तान में क्रिकेट की ग्रोथ को सपोर्ट करने और उसके प्लेयर्स को हाईएस्ट लेवल पर प्रतिस्पर्धा करने का मौके देने के लिए प्रतिबद्ध है। द्विपक्षीय क्रिकेट इसका एक जरूरी हिस्सा है, क्योंकि इससे टीमों को नियमित तौर पर अच्छी टीमों के खिलाफ खेलने और बेशकीमती अनुभव हासिल करने का मौका मिलता है। हम इस सीरीज के लिए अफ़गानिस्तान क्रिकेट बोर्ड का भारत में स्वागत करते हैं और इसे सफल बनाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करेंगे।। हमारा मानना है कि साथ मिलकर और भी बहुत कुछ करने की गुंजाइश है। हम दोनों क्रिकेट खेलने वाले देशों के बीच रिश्ते को मजबूत करते हुए अफगानिस्तान क्रिकेट को सपोर्ट करते रहेंगे।''
'हमें विश्वास है कि यह एक यादगार सीरीज होगी'
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, ''भारतीय बोर्ड को भारत में इस टी20 इंटरनेशनल सीरीज को होस्ट करने में एसीबी को सपोर्ट करके खुशी हो रही है। भारत-अफगानिस्तान क्रिकेट राइवलरी ने पिछले कुछ सालों में कुछ रोमांचक मुकाबले दिए हैं। दोनों टीमों में अच्छे क्रिकेटर हैं। अफगानिस्तान के खिलाड़ी भारत में फैंस के बीच भी काफी पॉपुलर हैं, जो दोनों क्रिकेट देशों के बीच बने मजबूत रिश्ते को दिखाता है। 2018 में भारत का अफगानिस्तान को उसके ऐतिहासिक पहले टेस्ट के लिए होस्ट करना इस सफर में एक और अहम पड़ाव था। तब से हम दोनों टीमों के बीच रेगुलर द्विपक्षीय मैच देखते रहे हैं। हमने हाल ही में जून में एक टेस्ट और तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए अफगानिस्तान को होस्ट किया था। इस T20I सीरीज का मतलब है कि दोनों टीमें अब तीनों फॉर्मेट में एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करेंगी। हम दिल्ली में अफगानिस्तान टीम का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं और हमें विश्वास है कि यह एक रोमांचक और यादगार सीरीज होगी।''
'भारत की मेजबानी करना हमारे लिए एक...'
एसीबी के चेयरमैन मीरवाइस अशरफ ने कहा, ''यह सीरीज अफगानिस्तान क्रिकेट के लिए बहुत अहमियत रखती है और बीसीसीआई के साथ हमारे लंबे समय से चले आ रहे रिश्ते को आगे बढ़ाने में एक और अहम कदम है। भारत में द्विपक्षी सीरीज के लिए भारत की मेजबानी करना हमारे लिए एक बड़ी बात है और हम इसके लिए बीसीसीआई के सहयोग और सपोर्ट को बहुत महत्व देते हैं। हमने हाल के सालों में भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) दोनों में अपने घरेलू मैच होस्ट किए हैं। इस सीरीज की अहमियत को देखते हुए हमारा मानना है कि भारत इसके लिए बेहतरीन जगह है। हमें यकीन है कि यह सीरीज कमर्शियल, टेक्निकल और क्रिकेटिंग एरिया में मूल्यवान अवसर बनाएगी, साथ ही हमारे द्विपक्षीय जुड़ाव में एक नया आयाम जोड़ेगी। हम एक सफल सीरीज और बीसीसीआई के साथ अपनी पार्टनरशिप को और मजबूत करने की उम्मीद करते हैं।''
लेखक के बारे में
Md.Akram
मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय
