तुषार कपूर ने 'वेलकम टू द जंगल' के सेट पर वैनिटी वैन और 'एंटरेज कल्चर' पर हुए भारी खर्चों पर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने एक्टर्स की टेंशन के बारे में भ ...और पढ़ें

तुषार कपूर ने जरूरत से ज्यादा खर्चों पर उठाए सवाल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संक्षेप में पढ़ें
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। 26 जून को अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' ने सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। इस फिल्म को दर्शकों का बेहद शानदार रिस्पॉन्स मिला। मूवी ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 133 करोड़ और दुनियाभर में लगभग 187 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की।
फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज हुए 28 दिन पूरे हो चुके हैं। अब हाल ही में फिल्म में अक्षय कुमार के मैनेजर का रोल अदा करने वाले अभिनेता तुषार कपूर ने फिल्म के सेट पर 'वैनिटी वैन्स'और स्टार्स के 'एंटरेज कल्चर' पर किए गए भारी खर्चों को लेकर सवाल उठाया है।
एक साथ 50 वैनिटी वैन देखकर हैरान रह गए थे तुषार
तुषार कपूर ने हाल ही में खुलासा किया कि फिल्म के सेट पर तकरीबन 50 के आसपास वैनिटी वैन्स खड़ी रहती थीं। बॉलीवुड के 'एंटरेज कल्चर' और जरूरत से ज्यादा खर्चा करने के चलन पर सवाल उठाते हुए उन्होंने 'स्क्रीन' से एक खास बातचीत में कहा,
"जब मैं 'वेलकम टू द जंगल' के सेट पर पहुंचता था, तो मुझे अपनी वैनिटी वैन तक पहुंचने में ही पांच मिनट लग जाते थे, क्योंकि वहां वैनिटी वैन्स की इतनी लंबी लाइन लगी होती थी। मैं उन्हें देखता था और सोचता था कि वैन्स और स्टाफ पर कितना ज्यादा खर्च आता होगा। क्या इतने सारे एक्टर्स को एक साथ लेना जायज है? मैं सोचता था कि निर्देशक अहमद खान का विजन क्या होगा? वह एक नया जॉनर लेकर आए हैं, जिसे अभी तक किसी ने भी इंडिया में बनाने की कोशिश नहीं की। लेकिन इतने एक्टर्स को लेना और इतने सारे पैसे खर्च करना क्या जस्टिफाइड है।"
एक साल के गैप के बाद वापस शुरू हुई थी शूटिंग
फिल्म के भव्य सेट और प्रोडक्शन कॉस्ट को लेकर तुषार कपूर ने आगे बताया, "अहमद इस बात पर अड़े हुए थे कि उन्हें हर शॉट में सभी एक्टर्स फ्रेम में चाहिए। शूटिंग के बीच में एक साल का गैप भी आया। जब दोबारा फिल्म की शूटिंग शुरू हुई, तो उन्होंने कभी यह शॉर्टकट नहीं अपनाया कि सेट पर जो लोग मौजूद हैं, सिर्फ उनके साथ ही शूटिंग कर लें। वह अपनी जिद पर अड़े रहे और सभी एक्टर्स को साथ लेकर ही शूटिंग खत्म की।"
स्टार्स के बढ़ते खर्चों के बीच संतुलन बनाए रखने की अपील करते हुए तुषार ने आगे कहा, "बैलेंस होना बहुत जरूरी है। भले ही कुछ खर्चे ज्यादा लगें, लेकिन वे जरूरी होते हैं। आपको स्टाइलिस्ट और मेकअप मैन की जरूरत होती है। एक लीड एक्टर और एक्ट्रेस जिस तनाव से गुजरते हैं, उसके लिए कंफर्ट, स्पेस और लग्जरी की जरूरत होती है। सिनेमा एक विजुअल मीडियम है, इसलिए उसकी खूबसूरती को पर्दे पर दिखाने के लिए थोड़ा खर्चा आता है तो ठीक है, लेकिन हर चीज की एक लिमिट होनी चाहिए।"

'अपने अहंकार को संतुष्ट करने के लिए नहीं होना चाहिए खर्च'
तुषार कपूर ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, "वैनिटी और अन्य चीजों का इस्तेमाल केवल बुनियादी जरूरतों के हिसाब से ही होना चाहिए, ताकि यह नार्सिसिज्म जैसा न लगे। यह सब केवल अपने अहंकार को संतुष्ट करने के लिए नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि यह अच्छी बात नहीं है।"
