
क्या ये 5 WhatsApp फीचर्स आपका काम और आसान बना सकते हैं?
WhatsApp का इस्तेमाल ज्यादातर लोग मैसेज भेजने, कॉल करने और फोटो-वीडियो शेयर करने के लिए करते हैं. लेकिन अगर आप भी इसे सिर्फ इतना ही काम में लेते हैं, तो शायद इसके कई उपयोगी फीचर्स से अनजान हैं. WhatsApp में ऐसे कई फीचर्स मौजूद हैं, जिनकी मदद से आप दूसरे ऐप्स का इस्तेमाल कम कर सकते हैं.
आप WhatsApp से UPI पेमेंट कर सकते हैं, 2GB तक की फाइल भेज सकते हैं, AI की मदद ले सकते हैं, जरूरी अपडेट्स पा सकते हैं और अपने पर्सनल नोट्स भी बना सकते हैं. आइए जानते हैं इन पांच काम के फीचर्स के बारे में.
WhatsApp से ही करें UPI पेमेंट
अगर आप पेमेंट के लिए अलग-अलग ऐप इस्तेमाल करते हैं, तो WhatsApp का UPI फीचर आपके काम आ सकता है. WhatsApp में पेमेंट की सुविधा काफी समय से उपलब्ध है और इसे सेटिंग्स के जरिए सेटअप किया जा सकता है.
सेटअप पूरा होने के बाद आप WhatsApp से ही QR कोड स्कैन करके पेमेंट कर सकते हैं. यानी बातचीत के साथ-साथ रोजमर्रा के डिजिटल पेमेंट का काम भी इसी ऐप से किया जा सकता है.
WhatsApp पर इस्तेमाल करें AI
AI का इस्तेमाल करने के लिए अलग ऐप डाउनलोड करने की जरूरत हर बार नहीं पड़ती. WhatsApp में Meta AI का सपोर्ट मिलता है, जिसकी मदद से आप चैट के जरिए कई तरह के सवाल पूछ सकते हैं.
आप इससे किसी विषय की जानकारी ले सकते हैं, ईमेल या रिज्यूमे का ड्राफ्ट तैयार करवा सकते हैं और कोडिंग से जुड़े सवालों के जवाब भी पा सकते हैं. इसके अलावा, टेक्स्ट प्रॉम्प्ट की मदद से तस्वीरें बनाने जैसे काम भी किए जा सकते हैं.
2GB तक की फाइल भेजें और सेव करें
WhatsApp को आप बड़ी फाइल शेयर करने के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इसमें 2GB तक की फाइल भेजी जा सकती है. इसका मतलब है कि बड़ी फोटो, वीडियो या डॉक्यूमेंट किसी दूसरे व्यक्ति तक आसानी से भेजे जा सकते हैं.इतना ही नहीं, आप WhatsApp को अपनी जरूरी फाइलें रखने के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए अपने अलावा किसी दूसरे सदस्य के बिना एक ग्रुप बनाया जा सकता है और उसमें जरूरी फोटो, वीडियो या डॉक्यूमेंट सेव किए जा सकते हैं.
फोटो और वीडियो को HD क्वालिटी या फाइल के रूप में ओरिजनल रेजोल्यूशन में रखने का विकल्प भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
WhatsApp पर ही रहें अपडेट
ताजा खबरों और अपनी पसंद के विषयों से जुड़े अपडेट के लिए अलग-अलग न्यूज ऐप रखने की जरूरत नहीं है. WhatsApp का Channels फीचर इसमें आपकी मदद कर सकता है.
आप अपनी पसंद के न्यूज पोर्टल, ब्रांड या किसी खास विषय से जुड़े चैनल फॉलो कर सकते हैं. इसके बाद उन चैनल्स से समय-समय पर नए अपडेट और जरूरी खबरों की जानकारी मिलती रहती है.
WhatsApp को बनाएं अपना Personal Notes ऐप
WhatsApp को पर्सनल नोट्स के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए आप एक नया ग्रुप बनाकर उसमें सिर्फ खुद को रखें. इस ग्रुप का नाम Notes या अपनी पसंद का कोई नाम रख सकते हैं.अब इसमें जरूरी बातें टेक्स्ट के रूप में लिखने के अलावा ऑडियो, वीडियो, फोटो और दूसरी फाइलें भी सेव की जा सकती हैं. जरूरत पड़ने पर इन्हें बाद में आसानी से देखा जा सकता है.
इस तरह एक ही WhatsApp ऐप से पेमेंट, AI, फाइल शेयरिंग, न्यूज अपडेट और पर्सनल नोट्स जैसे कई काम किए जा सकते हैं. यानी WhatsApp सिर्फ चैटिंग के लिए नहीं, बल्कि रोजमर्रा के कई कामों के लिए भी काफी उपयोगी साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें- Bluetooth को लेकर कन्फ्यूजन करें दूर! जानें कितने टाइप हैं और कौन-सा बेहतर है
फोन खरीदना जेब पर पड़ेगा भारी! जानिए किन-किन ब्रांड्स ने बढ़ा दी कीमत

आयुषी चतुर्वेदी
आयुषी चतुर्वेदी tv9hindi.com में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हैं. यहां बिजनेस ऑटोमोबाइल के अलावा टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती हैं. इससे पहले ET Now Swadesh Digital में Copy Editor थीं. इन्होंने अपना करियर जागरण न्यू मीडिया के साथ शुरू किया. Ayushi ने International School of Media & Entertainment Studies (ISOMES) से बैचलर ऑफ मॉस कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. पिछले 3 साल से ये बिजनेस ऑटो टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती आ रही हैं. इन्हें सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना काफी पंसद है. इन्होंने Auto, Tech में कई ऑनलाइन ऑफलाइन इवेंट भी कवर किए हैं. इन्हें ड्राइविंग और रिव्यू करना पसंद है. Ayushi को किताबें पढ़ने में रुचि हैं.
Read More