White Rice Eating Mistakes: क्या सफेद चावल खाने से वजन बढ़ता है? एक्सपर्ट से जानें

सफेद चावल से वजन का बढ़नाImage Credit source: Getty Images

सफेद चावल अगर भारतीयों की थाली में न हो तो भूख नहीं मिटती है. भारतीयों घरों में अधिकतर लोग सफेद चावल ही बनाना पसंद करते हैं. क्योंकि ये अमूमन सस्ता फूड है और स्वाद में भी बेहतरीन होता है. सफेद चावल को न सिर्फ दाल के साथ बल्कि मीट, चिकन और अलग-अलग सब्जियों के साथ बड़े शौक से खाया जाता है. पर लोगों में ये सवाल बना रहता है कि क्या सफेद चावल को खाने से हमारा वजन तेजी से बढ़ता है. लोग कहते हैं कि ज्यादा सफेद चावल खाने से शरीर मोटा होने लगता है.

ये मिथक है या सच, इस टॉपिक पर टीवी9 ने पायल दत्त (कंसलटेंट डायटिशियन, कैलाश दीपक हॉस्पिटल) से खास बातचीत की. जानें एक्सपर्ट ने क्या कहा?

क्या सफेद चावल बढ़ाता है वजन?

पायल दत्त कहती हैं कि सिर्फ सफेद चावल खाने से वजन नहीं बढ़ता. वजन तब बढ़ता है जब आप लंबे समय तक शरीर की जरूरत से ज्यादा कैलोरी खाते हैं. यानी सिर्फ एक खाने की चीज को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता, पूरी डाइट और लाइफस्टाइल मायने रखती है. सफेद चावल कार्बोहाइड्रेट का अच्छा सोर्स है और कार्बोहाइड्रेट हमारे शरीर को एनर्जी देने का सबसे बड़ा जरिया है.

हां, ब्राउन राइस की तुलना में सफेद चावल में फाइबर थोड़ा कम होता है क्योंकि इसे ज्यादा प्रोसेस किया जाता है. इसलिए इसे खाने के बाद आपको थोड़ी जल्दी भूख लग सकती है. लेकिन इसका मतलब ये बिल्कुल नहीं है कि आपको सफेद चावल खाना ही छोड़ देना चाहिए.

ये भी पढ़ें: रात का खाना छोड़ देने से क्या फैटी लिवर रिवर्स हो सकता है? डॉक्टर ने बताया

रिसर्च की बात करें, तो इसका भी कोई एक सीधा जवाब नहीं है. कुछ स्टडीज़ में ज्यादा मात्रा में सफेद चावल खाने और वजन बढ़ने के बीच संबंध देखा गया है, जबकि कई दूसरी स्टडीज़ में ऐसा कोई साफ संबंध नहीं मिला. इसलिए सिर्फ चावल को वजन बढ़ने की वजह मानना सही नहीं है.

खाने का तरीका होना चाहिए सही

एक्सपर्ट ने बताया असल बात ये है कि आप अपनी प्लेट कैसे बनाते हैं. अगर चावल के साथ दाल, सब्जी, दही, अंडा, मछली या चिकन भी है, तो आपको प्रोटीन और फाइबर भी मिलेगा. इससे पेट ज्यादा देर तक भरा रहता है और ब्लड शुगर भी बेहतर तरीके से कंट्रोल रहता है. वैसे चावल को फ्राई की जगह उबालकर खाना बेस्ट है क्योंकि ऐसा करने से इसका स्टार्च काफी हद तक निकल जाता है.

इन बातों का रखें ध्यान

आपकी फिजिकल एक्टिविटी, पूरे दिन की कैलोरी, नींद और ओवरऑल लाइफस्टाइल, ये सभी चीजें मिलकर आपके वजन पर असर डालती हैं. इसलिए अगर आपको सफेद चावल पसंद हैं, तो बेवजह उनसे डरने की जरूरत नहीं है. बस मात्रा का ध्यान रखें, चावल को हमेशा बैलेंस्ड मील के साथ खाएं, रोज़ एक्टिव रहें और सिर्फ एक खाने की चीज को दोष देने की बजाय अपनी पूरी डाइट पर ध्यान दें.

मनीष रायसवाल

मनीष रायसवाल

मनीष रायसवाल वर्तमान में टीवी9 डिजिटल में लाइफस्टाइल बीट पर बतौर टीम लीड काम कर रहे हैं. मनीष के करियर की शुरुआत साल 2015 से इंडिया न्यूज के डिजिटल प्लेटफार्म Inkhabar के साथ बतौर सब एडिटर हुई थी. अलग-अलग पड़ावों को पार करते हुए इन्होंने इंडिया न्यूज, अमर उजाला और एनडीटीवी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. 2009 से 2012 के बीच जामिया मिलिया इस्लामिया से बीए ऑनर्स मास मीडिया में ग्रेजुएशन और 2012-13 के बीच देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान भारतीय जनसंचार संस्थान (दिल्ली) से डिप्लोमा करने के बाद मनीष पत्रकारिता से जुड़े हैं. मनीष लाइफस्टाइल के अलावा, हेल्थ, सोशल, वुमेन और बाल विकास और ट्रैवलिंग जैसे विषयों पर लिखना पसंद करते हैं. लाइफस्टाइल से जुड़े ज्यादातर टॉपिक्स पर इन्हें नई चीजें सीखने का शौक है.

Read More

google button