WPL 2027: महिला प्रीमियर लीग 2027 की तारीखों का ऐलान हो गया है। टूर्नामेंट का पांचवां सीजन 14 जनवरी से 7 फरवरी तक खेला जाएगा। खिलाड़ियों का मिनी ऑक्शन 28 अक्टूबर को कोच्चि में होगा।

Royal Challengers Bengaluru Women Cricket Team

WPL 2025 Champion Royal Challengers Bengaluru (Image- Cricinfo)

  • Published: 16 Sep 2026, 06:46 PM IST
  • Last Updated: 16 Sep 2026, 06:55 PM IST

Womens Premier League: महिला प्रीमियर लीग (WPL) के अगले सीजन की तस्वीर साफ हो गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने WPL 2027 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। टूर्नामेंट का पांचवां सीजन 14 जनवरी से शुरू होगा और 7 फरवरी 2027 तक चलेगा। यानी नए साल की शुरुआत महिला क्रिकेट के बड़े मुकाबलों के साथ होगी।

टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ियों के रिटेंशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सभी पांच फ्रेंचाइजी को 28 सितंबर तक अपने रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची जमा करनी होगी। इसके बाद 28 अक्टूबर को कोच्चि में खिलाड़ियों की नीलामी होगी। इस बार मेगा ऑक्शन नहीं, बल्कि मिनी ऑक्शन आयोजित किया जाएगा।

पिछले सीजन के मेगा ऑक्शन में दिल्ली में कुल 73 स्लॉट भरे गए थे। अब टीमों को अपनी जरूरत के हिसाब से कुछ खाली स्लॉट भरने का मौका मिलेगा। WPL की एक टीम में अधिकतम 18 खिलाड़ी हो सकते हैं और हर फ्रेंचाइजी के पास 15 करोड़ रुपये का सैलरी कैप होगा। खास बात यह है कि खिलाड़ियों को रिटेन करने की संख्या पर कोई सीमा नहीं है।

पिछले साल के मेगा ऑक्शन में दीप्ति शर्मा सबसे महंगी खिलाड़ी रही थीं। उन्हें यूपी वॉरियर्ज ने 3.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। मुंबई इंडियंस ने Melie Kerr को 3 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था, जबकि शिखा पांडे के लिए यूपी वॉरियर्ज ने 2.4 करोड़ रुपये खर्च किए थे।

मिनी ऑक्शन की बात करें तो WPL 2024 में काशवी गौतम पर गुजरात जायंट्स ने 2 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी। वह मिनी ऑक्शन में सबसे महंगी खिलाड़ी बनी थीं। इसके बाद 2025 के ऑक्शन में यूपी वॉरियर्ज ने सिमरन शेख को 1.9 करोड़ रुपये में खरीदा था।

Royal Challengers Bengaluru WPL की मौजूदा चैंपियन है। टीम ने 2024 में भी खिताब जीता था। वहीं दो बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्टाफ में बदलाव की संभावना है। लिसा कीटली को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया में नेशनल डेवलपमेंट लीड की जिम्मेदारी मिलने के बाद टीम को नया हेड कोच तलाशना पड़ सकता है।

उधर, यूपी वॉरियर्ज ने भी अपने सपोर्ट स्टाफ को मजबूत किया है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर नीतू डेविड को टीम का चीफ स्काउट नियुक्त किया गया है। उन्होंने बंगाल के ऑलराउंडर राजीव दत्ता की जगह ली है।