Yash Dayal: रेप का लगा आरोप, IPL से रहा बाहर, अब अचानक बदली अपनी टीम

यश दयाल ने बदली अपनी टीम. (फोटो- PTI)

Yash Dayal to play for Chhattisgarh: उत्तर प्रदेश के तेज गेंदबाज यश दयाल ने एक बड़ा फैसला लिया है. वो 2026-27 घरेलू सीजन में छत्तीसगढ़ की ओर से मैदान पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. रेप के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे यश दयाल की नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) प्रक्रिया फिलहाल जारी है. वह कर्नाटक के आलूर में आयोजित छत्तीसगढ़ के प्री-सीजन ट्रेनिंग कैंप में भी हिस्सा ले चुके हैं. यानी उन्हें जल्द ही नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट मिल जाएगा.

IPL 2025 के बाद से क्रिकेट से दूर हैं दयाल

आईपीएल 2025 के फाइनल के बाद से ही यश दयाल ने कोई कॉम्पिटेटिव क्रिकेट मैच नहीं खेला है. हालांकि, आईपीएल 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने उन्हें रिटेन किया था, लेकिन निजी परिस्थितियों और विवादों के चलते वह पूरे सीजन में टीम के साथ नहीं जुड़ सके थे. आरसीबी के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट मो बोबाट ने साफ किया था कि स्थितियों को देखते हुए यश दयाल का खेलना खिलाड़ी और फ्रेंचाइजी दोनों के हित में नहीं था.

यूपी टी-20 लीग से भी बाहर

इसके अलावा, जून 2026 में यूपी टी-20 लीग के लिए गोरखपुर लायंस ने दयाल को रिटेन किया था और उन्होंने टीम के खिलाड़ियों के साथ प्रैक्टिस भी शुरू कर दी थी. हालांकि, ऑक्शन के बाद जब फ्रेंचाइजी ने अपनी 18 सदस्यीय टीम का ऐलान किया, तो उसमें यश दयाल का नाम शामिल नहीं था. इस मामले पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) ने भी बयान देने से इनकार कर दिया है. संभावना जताई जा रही है कि यश दयाल ने पहले ही इस स्थिति का अंदाजा लगाते हुए छत्तीसगढ़ का रुख करने की योजना बना ली थी.

यश दयाल का घरेलू करियर

यश दयाल ने अपने घरेलू करियर में अभी तक 27 फर्स्ट क्लास और 23 लिस्ट ए मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने फर्स्ट क्लास में 84 विकेट और लिस्ट ए में 36 विकेट चटकाए हैं. इसके अलावा 71 टी20 मैचों में 66 विकेट भी हासिल किए हैं. इसके अलावा, यश दयाल को सितंबर 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया था. हालांकि, उस सीरीज के दौरान उन्हें डेब्यू करने का मौका नहीं मिला था.

नई शुरुआत के लिए तैयार यश दयाल

छत्तीसगढ़ के प्री-सीजन कैंप में यश दयाल के अलावा भारतीय ऑफ-स्पिनर जयंत यादव और सौराष्ट्र के ऑलराउंडर धर्मेंद्रसिंह जडेजा भी शामिल हैं. जयंत यादव पिछले घरेलू सीजन में पुडुचेरी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. हाल ही में, छत्तीसगढ़ क्रिकेट टीम ने भारत के पूर्व बल्लेबाज अमेय खुरसिया को अपना हेड कोच नियुक्त किया है. इससे पहले खुरसिया 2024-25 सीजन में केरल की टीम को रणजी ट्रॉफी के फाइनल तक पहुंचा चुके हैं.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button