उत्तर प्रदेश के हाथरस की रहने वाली 23 वर्षीय लोकप्रिय यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां सारिका की मध्य प्रदेश के आगर मालवा में भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। परिवार के साथ उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए जाते समय उनकी कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी।

YouTuber Chhavi Varshney (File photo)

यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय (फाइल फोटो।)

  • Published: 26 Aug 2026, 06:02 PM IST
  • Last Updated: 26 Aug 2026, 06:02 PM IST

हाथरस : उत्तर प्रदेश के हाथरस की जानी-मानी 23 वर्षीय यूट्यूबर व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां सारिका 50 की मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। छवि अपने परिवार के साथ कार से उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर दर्शन के लिए जा रही थीं। इसी दौरान मंगलवार सुबह करीब 6 बजे उनकी अर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार में सवार छवि के पिता, एक रिश्तेदार और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

​महाकाल दर्शन को निकला था परिवार, फोरलेन पर हुआ हादसा

हाथरस जंक्शन क्षेत्र के महौखास गांव निवासी श्यामलाल 54 किराना व्यापारी हैं। सोमवार देर रात श्यामलाल अपनी पत्नी सारिका, बेटी छवि, समधी सूरजपाल और ड्राइवर सचिन के साथ कार से उज्जैन दर्शन के लिए निकले थे। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे मध्य प्रदेश के आगर मालवा में उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर रामाखेड़ी गांव के पास कार चला रहा चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

​मां-बेटी ने मौके पर तोड़ा दम, तीन घायल अस्पताल में भर्ती

हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। कार में बुरी तरह फंसी सारिका और छवि को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी बड़ौद ले जाया गया। वहां डॉ. विजेंद्र चूड़ीहार ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

​वहीं, गंभीर रूप से घायल श्यामलाल, सूरजपाल और चालक सचिन को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलने के बाद बड़ौद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

​यूट्यूब पर 7 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर, इंस्टाग्राम पर भी थीं लोकप्रिय

छवि के चचेरे भाई सचिन वार्ष्णेय ने बताया कि छवि बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल थीं और उन्होंने ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई की थी। वर्ष 2021 में उन्होंने यूट्यूब पर व्लॉगिंग शुरू की थी। शुरुआत में वह अपनी डेली लाइफ और लाइफस्टाइल से जुड़े वीडियो बनाती थीं, जिन्हें दर्शकों ने काफी पसंद किया।

​इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन गेमिंग और मोटिवेशनल कंटेंट बनाना भी शुरू किया। वर्तमान में छवि के यूट्यूब चैनल पर 7 लाख से अधिक सब्सक्राइबर्स और इंस्टाग्राम पर 1 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। होनहार बेटी और उसकी मां की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।